1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ED की रेड, लुधियाना स्थित आवास पर भारी सुरक्षा तैनात
पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ED की रेड, लुधियाना स्थित आवास पर भारी सुरक्षा तैनात

पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ED की रेड, लुधियाना स्थित आवास पर भारी सुरक्षा तैनात

0
Social Share

लुधियाना, 17 अप्रैल। पंजाब की सियासत में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के लुधियाना स्थित आवास और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की। सुबह करीब 7:00 बजे केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ पहुंची ईडी की टीम ने घर को चारों तरफ से घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू किया। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग और जमीन के सौदों में कथित अनियमितताओं से जुड़े एक पुराने मामले को लेकर की जा रही है। आरोप है कि औद्योगिक उपयोग के लिए आवंटित जमीन का इस्तेमाल कथित तौर पर रिहायशी प्रोजेक्ट्स के लिए किया गया।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले अक्टूबर 2024 में भी संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर इसी तरह की कार्रवाई हो चुकी है। छापेमारी के दौरान मंत्री के घर के बाहर केंद्रीय पुलिस बल के जवान तैनात हैं। टीम के अंदर जाते ही घर को पूरी तरह सील कर दिया गया है; किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने या घर से बाहर आने की अनुमति नहीं दी जा रही है। जानकारी के अनुसार, कार्रवाई के समय मंत्री संजीव अरोड़ा घर पर मौजूद नहीं थे। संजीव अरोड़ा से पहले, महज दो दिन पहले ही आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और एलपीयू के चांसलर अशोक मित्तल के ठिकानों पर भी ईडी ने दबिश दी थी।

जालंधर, फगवाड़ा और गुरुग्राम सहित उनके 10 ठिकानों पर करीब 25 घंटे तक तलाशी चली थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से पंजाब की राजनीति में गरमाहट बढ़ गई है। फिलहाल ईडी के अधिकारियों ने इस छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि टीम कई अहम दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड को खंगाल रही है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code