ईरान में धमाकों के बीच भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 4.3 रही तीव्रता, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
तेहरान, 3 मार्च। अमेरिका-इजराइल की संयुक्त एयर स्ट्राइक के बीच ईरान के गेराश में भूकंप के जोरदार झटके लगे हैं। अमेरिकी भूगर्भ विज्ञान विभाग (यूएसजीएस) ने इसकी जानकारी दी है। यूएसजीएस के अनुसार, रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.3 मापी गई है और भूकंप का केंद्र 10 किमी की गहराई पर था। फिलहाल किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। स्थानीय प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और स्थिति का आकलन किया जा रहा है।
भूकंप का मौजूदा सैन्य गतिविधियों से कोई सीधा संबंध नहीं माना जा रहा
भूकंप का यह झटका ऐसे समय में आया है, जब क्षेत्र में अमेरिका और इजराइल के ईरान पर हमले के कारण तनाव चरम पर है। इन हमलों में ईरानी सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर हवाई और मिसाइल हमले शामिल हैं, जिसके बाद पूरे मिडिल ईस्ट में जवाबी काररवाई, हवाई यातायात में रुकावट और सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार भूकंप का मौजूदा सैन्य गतिविधियों से कोई सीधा संबंध नहीं माना जा रहा है।
ईरान दुनिया के सबसे ज्यादा भूकंपीय सक्रिय देशों में से एक
गेराश ईरान के फार्स प्रांत का एक शहर है और दक्षिणी ईरान में लारेस्तान क्षेत्र में आता है। ईरान दुनिया के सबसे ज्यादा भूकंपीय सक्रिय देशों में से एक है क्योंकि यहां अरेबियन प्लेट और यूरेशियन की टक्कर से जाग्रोस फोल्ड थ्रस्ट बेल्ट बना हुआ है। यह 1,600 किमी लंबी पर्वत श्रृंखला ईरान, इराक और तुर्की तक फैली है और अरब प्लेट के उत्तर की ओर बढ़ने से बनी है। गेराश इसी बेल्ट का भाग है। इस लिहाज से क्षेत्र में 4 से 5 तीव्रता का भूकंप काफी गंभीर माना जा सकता है।
ईरान में 1990 का भूकंप विनाशकारी साबित हुआ था। 20-21 जून,1990 की दरमियानी रात ईरान के मंजिल और रुदबार में आए ‘रुदबार भूकंप’ ने भारी तबाही मचाई थी। यह इतिहास के उन शक्तिशाली भूकंप में से एक है, जिसने बड़े पैमाने पर जान-माल की हानि की थी।’ अरेबियन प्लेट’ और ‘यूरेशियन प्लेट्स’ के टकराने से देर रात 12 बजकर 30 मिनट पर 7.7 तीव्रता का भूकंप आया और करीब पचास हजार लोगों की जान चली गई थी। जंजान और गिलान प्रातों में 20 हजार वर्ग मील का क्षेत्र पूरी तरह से बर्बाद था।
