भू-राजनीतिक तनाव गहराने से शेयर बाजार में चौतरफा बिकवाली, सेंसेक्स व निफ्टी दो हफ्ते के निचले स्तर पर
मुंबई, 19 फरवरी। अमेरिका और ईरान के बीच भू-राजनीतिक तनाव गहराने के बीच व्यापक बिकवाली होने से गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई और दोनों बेंचमार्क इंडेक्स दो हफ्ते के अपने निचले स्तर पर जा गिरे। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 1,236 अंक टूटने के साथ जहां 82,500 के नीचे जा पहुंचा वहीं एनएसई निफ्टी 365 अंकों की कमजोरी से 25,500 के नीचे जाकर ठहरा।
सेंसेक्स 1,236.11 अंक टूटकर 82,498.14 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स तीन सत्रों से जारी तेजी पर विराम लगाते हुए 1,236.11 अंक यानी 1.48 प्रतिशत टूटकर 82,498.14 अंक पर बंद हुआ। हालांकि सेंसेक्स ने दिन की शुरुआत पिछले सत्र के मुकाबले 215.57 अंकों की बढ़त के साथ 83,969.82 अंक पर की थी। लेकिन जल्द ही गिरावट शुरू हो गई और अंत में सूचकांक ने गत एक फरवरी के बाद से एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट देखी। सेंसेक्स से संबद्ध सभी 30 कम्पनियों के स्टॉक लाल निशान पर रुके।
निफ्टी 365 अंक लुढ़ककर 25,454.35 पर ठहरा
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 365 अंक यानी 1.41 प्रतिशत लुढ़ककर 25,454.35 अंक पर आ गया। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में सिर्फ चार के शेयर बढ़त पर रहे और 46 में गिरावट दर्ज की कई।
निवेशकों के 7.57 लाख करोड़ रुपये डूबे
चौतरफा बिकवाली के बीच बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन घटकर 464.46 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो पिछले कारोबारी दिन 472.01 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप आज करीब 7.57 लाख करोड़ रुपये घटा। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 7.57 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।
इंटरग्लोब एविएशन के स्टॉक ने सर्वाधिक 3.23% की गिरावट देखी
सेंसेक्स समूह की कम्पनियों में इंटरग्लोब एविएशन के स्टॉक ने सर्वाधिक 3.23 फीसदी की गिरावट देखी। महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, ट्रेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, अदाणी पोर्ट्स, कोटक महिंद्रा बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक महिंद्रा, आईटीसी लिमिटेड, पावर ग्रिड के शेयरों में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही।
एफआईआई ने 1,154.34 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार बुधवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 1,154.34 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशक (डीआईआई) भी 440.34 करोड़ रुपये के शुद्ध लिवाल रहे। इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.02 प्रतिशत बढ़कर 71.07 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
