1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. राष्ट्रपति चुनाव परिणाम : दूसरे दौर की मतगणना के बाद रायसीना हिल्स की रेस में द्रौपदी मुर्मू और आगे निकलीं  
राष्ट्रपति चुनाव परिणाम : दूसरे दौर की मतगणना के बाद रायसीना हिल्स की रेस में द्रौपदी मुर्मू और आगे निकलीं  

राष्ट्रपति चुनाव परिणाम : दूसरे दौर की मतगणना के बाद रायसीना हिल्स की रेस में द्रौपदी मुर्मू और आगे निकलीं  

0
Social Share

नई दिल्ली, 21 जुलाई। राष्ट्रपति चुनाव में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने मतगणना का दूसरा दौर पूरा होने के बाद रायसीना हिल्स की रेस में विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के खिलाफ अपनी बढ़त और मजबूत कर ली ली है।

दो दौर के बाद मुर्मू को कुल 1,886 वोट, यशवंत सिन्हा के खाते में 537 मत

राष्ट्रपति चुनाव के निर्वाचन अधिकारी और राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने गुरुवार की शाम बताया कि दो राउंड की मतगणना के बाद कुल वैध मतों की संख्या 1,886 रही, जिनकी कीमत 6,73,175 है। इनमें द्रौपदी मुर्मू को 1,349 मत मिले हैं, जिनकी वैल्यू 4,83,299 है जबकि यशवंत सिन्हा को कुल 537 मत मिले हैं, जिनकी कीमत 1,89 876 है।

दूसरे राउंड में यशवंत सिन्हा के 329 के मुकाबले द्रौपदी को 809 मत

पीसी मोदी ने बताया कि दूसरे राउंड में कुल 1,138 वैध मत पड़े। इनकी कीमत 149,575 रही। इस दौर में कुल पड़े मतों में मुर्मू को 809 मत मिले, जिनकी वैल्यू 1,05,299 रही। वहीं यशवंत सिन्हा को 329 वोट मिले, जिनकी कीमत 44,276 रही। इस दौर में दोनों उम्मीदवारों के बीच मतों का अंतर 480 रहा।

पहले दौर में मुर्मू को सांसदों के 540 वोट, यशवंत सिन्हा को मिले 208 मत

इसके पूर्व मतगणना के पहले दौर में संसद में पड़े मतों की गिनती गई। सांसदों के कुल पड़े 748 वोट में द्रौपदी मुर्मू को 540 वोट और यशवंत सिन्हा को 208 वोट मिले थे। वहीं 15 सांसदों के वोट अवैध घोषित हो गए थे। मुर्मू को मिले सांसदों के वोट की कुल वैल्यू 3,78,000 थी जबकि सिन्हा को मिले वोट की वैल्यू 1,45,600 है।

दूसरे राउंड में 10 राज्यों के मतों की गिनती गई

दूसरे दौर में हिन्दी वर्णानुक्रम के अनुसार पहले जिन 10 राज्यों की विधानसभाओं में पड़े मतों की गिनती की गई, उनमें आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और झारखंड शामिल रहे। पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू हुई काउंटिंग के पहले दौर में संसद में पड़े मतों की गिनती गई थी। तीसरे दौर में अगले 10 राज्यों के मतों की गिनती की जा रही है। परिणाम देर रात तक आने की उम्मीद है।

एनडीए खेमे में ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न का दौर शुरू

इस बीच एनडीए खेमे में जश्न का माहौल है। देशभर में पार्टी नेता और कार्यकर्ता एक-दूसरे को मिठाइंया बांटने लगे हैं। ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया जा रहा है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रांची में राज्य पार्टी कार्यालय के सामने जश्न मनाया। उड़ीसा के एक छोटे गांव से निकली आदिवासी समाज की महिला द्रौपदी मुर्मू यदि चुनाव जीतती हैं तो वह देश की आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए 18 जुलाई को वोटिंग हुई थी। नए राष्ट्रपति 25 जुलाई को शपथ लेंगे। मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code