मुंबई, 24 अगस्त। अमेरिका की ओर से ईरान पर नए प्रतिबंध लगाए जाने की आशंका के बीच कच्चे तेल की लगातार ऊंची कीमतों का असर घरेलू शेयर बाजार पर भी दिखा और सकारात्मक शुरुआत के बावजूद सोमवार को दोनों मानक सूचकांक नुकसान में रहे। बीएसई सेंसेक्स 172 अंक टूटा जबकि एनएसई निफ्टी 33 अंकों की कमजोरी लेकर ठहरा।
सेंसेक्स 171.72 अंक टूटकर 77,369.11 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स पिछले कारोबारी सत्र (शुक्रवार) के मुकाबले लगभग 80 अंकों की बढ़त से खुला था और जल्द ही इसने 248.57 अंक चढ़ककर 77,789.40 पर दिन का उच्चतम स्तर भी देखा। लेकिन यह बढ़त कायम नहीं रह सकी और सूचकांक अंत में 171.72 अंक यानी 0.22 प्रतिशत टूटकर 77,369.11 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 339.17 अंकों की गिरावट से 77,201.66 जा लुढ़का था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में नौ के शेयर मजबूत हुए जबकि 21 में गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी 32.95 अंकों की गिरावट से 24,219.05 पर बंद
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी शुरुआती बढ़त कायम नहीं रख सका और 32.95 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,219.05 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 23 के स्टॉक लाभ में रहे तो 26 में नुकसान दर्ज किया गया।
व्यापक बाजार में मझोली कम्पनियों से जुड़ा बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.11 प्रतिशत टूटा जबकि स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.06 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ।
सेक्टोरल इंडेक्स : बीमा क्षेत्र में 0.86 प्रतिशत की गिरावट
सेक्टोरल इंडेक्स देखें तो बीमा क्षेत्र 0.86 प्रतिशत, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का सूचकांक 0.82 प्रतिशत, आवास वित्त 0.76 प्रतिशत, वित्तीय सेवाएं 0.39 प्रतिशत और बैंकेक्स (बैंक सूचकांक) 0.35 प्रतिशत नुकसान में रहे। वहीं, धातु क्षेत्र में 1.38 प्रतिशत की तेजी रही। इसके अलावा, दूरसंचार 1.05 प्रतिशत, जिंस 0.55 प्रतिशत, रियल्टी 0.43 प्रतिशत और तेल एवं गैस क्षेत्र 0.34 प्रतिशत लाभ में रहे।
अदाणी पोर्ट्स को सर्वाधिक 1.30 फीसदी नुकसान
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में अदाणी पोर्ट्स के शेयर सर्वाधिक 1.30 फीसदी नुकसान में रहे। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयरों में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही। वहीं, लाभ में रहने वाले शेयरों में टाटा स्टील, एचसीएल टेक, इन्फोसिस और हिन्दुस्तान यूनिलीवर शामिल हैं।
एफआईआई ने 542.71 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 542.71 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.68 प्रतिशत की गिरावट के साथ 92.80 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।


