मुंबई, 20 अप्रैल। अमेरिका के साथ दूसरे दौर की बातचीत से ईरान के इनकार के बाद एक बार फिर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के चलते भारतीय शेयर बाजार में कारोबारी सप्ताह के पहले दिन सोमवार को दिनभर उतार-चढ़ाव दिखा और अंत में दोनों बेंचमार्क इंडेक्स लगभग सपाट बंद हुए।
सेंसेक्स 26.76 अंकों की मामूली बढ़त से 78,520.30 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 26.76 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 78,520.30 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह कुल 739.15 अंकों के दायरे में 78,942.45 के ऊपरी और 78,203.30 के निचले स्तर तक भी गया। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 12 के शेयर मजबूत रहे और 18 में कमजोरी दिखी।
निफ्टी 11.30 अंक बढ़कर 24,364.85 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 11.30 अंक यानी 0.05 प्रतिशत बढ़कर 24,364.85 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 23 के शेयर हरे निशान पर ठहरे और 27 में गिरावट दर्ज की गई।
ट्रेंट के स्टॉक सर्वाधिक 3.33 फीसदी लाभ में रहे
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में ट्रेंट के स्टॉक सर्वाधिक 3.33 फीसदी लाभ में रहे। उसके अलावा भारतीय स्टेट बैंक, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस और इंटरग्लोब एविएशन (यानी इंडिगो) के शेयर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। इसके उलट, लार्सन एंड टुब्रो, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एचसीएल टेक और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर नुकसान में रहे।
एफआईआई ने 683.20 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 683.20 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 4.76 प्रतिशत बढ़कर 94.68 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
