1. Home
  2. कारोबार
  3. घरेलू शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 208 अंक मजबूत, निफ्टी 26000 के करीब
घरेलू शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 208 अंक मजबूत, निफ्टी 26000 के करीब

घरेलू शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 208 अंक मजबूत, निफ्टी 26000 के करीब

0
Social Share

मुंबई, 10 फरवरी। भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौते की घोषणा के बाद जगीं उम्मीदों और मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी रही। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स जहां 208 अंक मजबूत हुआ वहीं एनएसई निफ्टी 68 अंकों के लाभ से 26000 के करीब जा पहुंचा। हालांकि, उच्चस्तर पर निवेशकों की मुनाफावसूली से दोनों बेंचमार्क इंडेक्स दिन के उच्चतम स्तर की लगभग आधी बढ़त गंवा बैठे।

सेंसेक्स 0.25 प्रतिशत चढ़कर 84,273.92 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 208.17 अंक यानी 0.25 प्रतिशत चढ़कर 84,273.92 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक एक समय 417.2 अंक तक चढ़कर 84,482.95 तक चला गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 18 के शेयर लाभ में रहे जबकि 12 में गिरावट दर्ज की गई।

निफ्टी 67.85 अंक बढ़कर 25,935.15 पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 67.85 अंक यानी 0.26 प्रतिशत बढ़कर 25,935.15 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक 122.15 अंकों की तेजी से 25,989.45 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 29 के शेयर हरे निशान पर रहे और 20 में कमजोरी रही। छोटी कम्पनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.40 प्रतिशत चढ़ा जबकि मझोली कम्पनियों से जुड़ा मिडकैप सेलेक्ट 0.31 प्रतिशत के नुकसान में रहा।

इटर्नल के स्टॉक सर्वाधिक 5.19 फीसदी मजबूत रहे

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इटर्नल के स्टॉक सर्वाधिक 5.19 फीसदी मजबूत रहे। टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावरग्रिड, टेक महिंद्रा, एनटीपीसी, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, मारुति सुजुकी इंडिया, एक्सिस बैंक, टाइटन और हिन्दुस्तान यूनिलीवर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। वहीं नुकसान में रहने वाले प्रमुख शेयरों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, अदाणी पोर्ट्स और आईटीसी शामिल हैं।

एफआईआई ने 2,254.64 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 2,254.64 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.20 प्रतिशत टूटकर 68.89 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code