देशभर में दीपावली का उल्लास : राष्ट्रपति मुर्मु व पीएम मोदी ने देशवासियों को दीं शुभकामनाएं
नई दिल्ली, 20 अक्टूबर। देशभर में आज दीपावली का पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस शुभ अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश के कई प्रमुख नेताओं ने देशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं और सबके सुख-समृद्धि की कामना की।
‘आनंद और उत्सव का यह पर्व आत्मचिंतन और आत्मसुधार का भी अवसर है’
राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में लिखा, ‘दीपावली के शुभ अवसर पर मैं, भारत और विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। दीपावली भारत का एक प्रमुख और लोकप्रिय त्योहार है। यह अंधकार पर प्रकाश की, अज्ञान पर ज्ञान की और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। देश के विभिन्न हिस्सों में हर्षोल्लास से मनाया जाने वाला यह त्योहार प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है। इस दिन लोग अपने घरों में मां लक्ष्मी की पूजा करते हैं और सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना करते हैं।’
दीपावली के शुभ अवसर पर मैं, भारत और विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। pic.twitter.com/1Ealry6tam
— President of India (@rashtrapatibhvn) October 20, 2025
राष्ट्रपति ने आगे लिखा, ‘आनंद और उत्सव का यह पर्व आत्मचिंतन और आत्मसुधार का भी अवसर है। दीपावली पर जिस तरह एक दीपक से अनेक दीपक प्रज्वलित होते हैं, उसी तरह हम समाज के गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता कर उनके जीवन में खुशहाली ला सकते हैं। मैं आशा करतीहूं कि सब लोग पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित तरीके से इस पर्व को मनाएंगे। मेरी मंगलकामना है कि यह त्योहार सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, ‘सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रकाश का यह पावन पर्व हर किसी के जीवन को सुख-समृद्धि और सौहार्द से आलोकित करे, यही कामना है।’
सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रकाश का यह पावन पर्व हर किसी के जीवन को सुख-समृद्धि और सौहार्द से आलोकित करे, यही कामना है।
— Narendra Modi (@narendramodi) October 20, 2025
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संदेश में कहा, ‘प्रकाश और उल्लास के पर्व दीपावली की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। प्रभु श्रीराम से सभी के आरोग्य और धन-धान्य की प्रार्थना करता हूं।’
प्रकाश और उल्लास के पर्व दीपावली की सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ।
प्रभु श्रीराम से सभी के आरोग्य और धन-धान्य की प्रार्थना करता हूँ। pic.twitter.com/VZEJoilK25
— Amit Shah (@AmitShah) October 20, 2025
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘समस्त देशवासियों को आलोक पर्व दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। दीपोत्सव के पावन अवसर पर सभी के जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैले और अंधकार दूर हो। मां महालक्ष्मी जी से प्रार्थना है कि सभी को सुख, समृद्धि और आरोग्य प्रदान करें।’
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली को सत्य और सनातन की विजय का प्रतीक बताते हुए कहा, ‘दीपोत्सव केवल दीप जलाने का अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मा में आशा का आलोक, समाज में समरसता का स्पंदन और राष्ट्र में नवजागरण का संकल्प है। प्रभु श्रीराम और माता जानकी की कृपा से घरों के साथ हृदय भी आलोकित हों और सभी के जीवन में विश्वास, उत्साह और उमंग का दीप प्रज्वलित हो।’
सत्य, सनातन, सदाचार और सकारात्मकता की शाश्वत विजय के पावन प्रतीक महापर्व दीपावली की आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!
दीपोत्सव केवल दीप जलाने का अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मा में आशा का आलोक, समाज में समरसता का स्पंदन और राष्ट्र में नवजागरण का संकल्प है।
प्रभु श्री राम और… pic.twitter.com/ShL15uGKcr
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 20, 2025
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लिखा, ‘समस्त प्रदेशवासियों को दीपावली के पावन पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मां महालक्ष्मी और विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश के पूजन को समर्पित यह महापर्व आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।’
वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, ‘प्रकाश पर्व दीपावली के अवसर पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। दीपावली अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। इसे पारस्परिक सौहार्द, सद्भाव और उल्लास के साथ मनाएं।’
