लखनऊ,7 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने पर समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने प्रतिक्रिया दी है। अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने इस नियुक्ति पर तंज कसते हुए कहा, “कोई मतलब नहीं है। जब जल गया तो कुआं खोदने से कोई मतलब नहीं होता।”
अवधेश प्रसाद ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को हटाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके नेताओं के प्रति प्रदेश और देश की जनता का भरोसा पूरी तरह खत्म हो गया है। उनके मुताबिक, जनता का भरोसा अगर किसी राजनीतिक दल के प्रति बढ़ा है तो वह समाजवादी पार्टी है।
‘सपा, PDA और अखिलेश पर जनता का भरोसा’
सपा सांसद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी, PDA और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बढ़ा है। उन्होंने आगामी चुनाव में सपा की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि जनता ने मौजूदा भाजपा सरकार को हटाने का मन बना लिया है।
सपा सरकार बनने पर 24 घंटे में आउटसोर्सिंग खत्म करने का दावा
अवधेश प्रसाद ने सपा की सरकार बनने पर कई बड़े फैसले लेने का दावा किया। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के 24 घंटे के भीतर आउटसोर्सिंग की नौकरियां खत्म कर दी जाएंगी। इसके अलावा महिलाओं को 40 हजार रुपये, छात्रों को लैपटॉप देने और शिक्षा मित्रों को पूर्व की व्यवस्था के अनुरूप समायोजित करने का रास्ता निकालने की बात भी कही।
दिनेश शर्मा बने अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल
भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा को शनिवार को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया। वह एडमिरल डी.के. जोशी का स्थान लेंगे। दिनेश शर्मा उत्तर प्रदेश सरकार में उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं। इससे पहले वह लखनऊ के मेयर भी रहे हैं।
दिनेश शर्मा की नियुक्ति के बाद अवधेश प्रसाद का बयान सीधे तौर पर भाजपा पर राजनीतिक हमला माना जा रहा है। उनके बयान का आशय यह है कि भाजपा सरकार की ओर से अब किए जा रहे फैसलों का जनता पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ेगा, क्योंकि मतदाताओं ने अपना मन बना लिया है। इसी को लेकर उन्होंने “जब जल गया तो कुआं खोदने” वाली कहावत का इस्तेमाल करते हुए भाजपा पर तंज कसा।


