1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी : भारत की बांग्लादेश पर बड़ी जीत में दिलप्रीत की हैट्रिक
एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी : भारत की बांग्लादेश पर बड़ी जीत में दिलप्रीत की हैट्रिक

एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी : भारत की बांग्लादेश पर बड़ी जीत में दिलप्रीत की हैट्रिक

0
Social Share

ढाका, 15 दिसंबर। स्ट्राइकर दिलप्रीत सिंह की हैट्रिक की मदद  से गत चैंपियन और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारत ने बुधवार को यहां मेजबान बांग्लादेश को 9-0 से हराकर छठी एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) पुरुष हॉकी टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत के दो मैचों में चार अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में शीर्ष पर है।

जरमनप्रीत ने भी दागे 2 शॉर्ट कॉर्नर गोल

मौलाना भसानी हॉकी स्टेडियम में आधे समय तक 3-0 से आगे रही तीन बार की चैंपियन भारतीय टीम के लिए दिलप्रीत (12वें, 22वें और 45वें) ने भारत के लिए तीन मैदानी गोल किए जबकि जरमनप्रीत सिंह (33वें, 43वें) ने पेनाल्टी कॉर्नर से दो गोल दागे।

इस बीच में ललित उपाध्याय (28वें) ने उप कप्तान हरमनप्रीत सिंह की पेनाल्टी कॉर्नर से की गई फ्लिक को गोल में बदला। आकाशदीप सिंह (54वें) ने मैदानी गोल किया जबकि मंदीप मोर ने 55वें मिनट में देश के लिए अपना पहला गोल दागा। हरमनप्रीत ने भी स्कोरशीट में अपना नाम लिखवा दिया। उन्होंने 57वें मिनट में भारत के 13वें पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया।

पहले दिन कोरिया से मुकाबला 2-2 बराबरी पर छूटा था

टोक्यो ओलंपिक के ऐतिहासिक अभियान के बाद कुछ नए खिलाड़ियों के साथ पहला टूर्नामेंट खेल रही मनप्रीत सिंह की अगुआई में भारतीय टीम ने मंगलवार को टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में दक्षिण कोरिया से 2-2 से ड्रा खेला था।

शुक्रवार को पाकिस्तान से होगी टक्कर

प्रतियोगिता में पांच टीमें भाग ले रही हैं। भारत, कोरिया और मेजबान बांग्लादेश के अलावा अन्य दो टीमें पाकिस्तान और जापान हैं। भारतीय टीम अब शुक्रवार को राउंड रॉबिन चरण में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगी। पाकिस्तान और जापान के पहले दिन मुकाबला गोलरहित छूटा था।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code