ज्यूरिख, 28 अगस्त। डायमंड लीग 2025 का फाइनल मैच ज्यूरिख में हुआ जिसमें जैवलिन थ्रो के इवेंट में सभी भारतीय फैंस की नजरें नीरज चोपड़ा पर थी। छह राउंड में नीरज चोपड़ा का सबसे बेस्ट थ्रो 85.01 मीटर का रहा लेकिन वह दूसरी बार इस खिताब को जीतने से चूक गए। इस बार डायमंड लीग का खिताब जर्मनी के जूलियन वेबर ने जीता जिन्होंने दूसरे राउंड में 91.51 मीटर का थ्रो किया था। वहीं तीसरे नंबर पर त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केशोर्न वाल्कोट 84.95 मीटर थ्रो के साथ रहे।
नीरज के फाइनल मैच में प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो उन्होंने पहले राउंड में 84.35 मीटर का थ्रो किया तो दूसरे राउंड में 82 मीटर का थ्रो करने में कामयाब हुए थे, वहीं तीसरे, चौथे और पांचवें राउंड में नीरज ने फाउल किया जबकि छठे राउंड में नीरज ने 85.01 मीटर का थ्रो करने के साथ दूसरे नंबर पर रहते हुए खत्म किया।
नीरज चोपड़ा का डायमंड लीग फाइनल प्रदर्शन:
पहला प्रयास: 84.35 मीटर
दूसरा प्रयास: 82.00 मीटर
तीसरा प्रयास: फाउल
चौथा प्रयास: फाउल
पांचवां प्रयास: फाउल
छठा प्रयास: 85.01 मीटर।
फाइनल में सभी 7 खिलाड़ियों के बेस्ट थ्रो-
1. जूलियन वेबर (जर्मनी): 91.51 मीटर
2. नीरज चोपड़ा (भारत): 85.01 मीटर
3. केशोर्न वाल्कॉट (त्रिनिदाद एंड टोबैगो): 84.95 मीटर
4. एंडरसन पीटर्स (ग्रेनाडा): 82.06 मीटर
5. जूलियस येगो (केन्या): 82.01 मीटर
6. एंड्रियन मर्डारे (मोल्दोवा): 81.81 मीटर
7. साइमन वीलैंड (स्विट्जरलैंड): 81.29 मीटर।
नीरज चोपड़ा ने इस सीजन में दो डायमंड लीग प्रतियोगिताओं में भाग लिया। दोहा लेग में नीरज ने अपने करियर का बेस्ट थ्रो (90.23 मीटर) किया, लेकिन वो दूसरे स्थान पर रहे थे। फिर पेरिस लेग में 88.16 मीटर के थ्रो के साथ नीरज ने जीत हासिल की। फाइनल में अपनी जगह पक्की करने के बाद नीरज ने सिलेसिया और ब्रुसेल्स लेग से बाहर रहने का विकल्प चुना। नीरज चोपड़ा ने कुल 15 अंकों के साथ डायमंड लीग फाइनल में जगह बनाई। डायमंड लीग के किसी लेग में पहले स्थान पर रहने के लिए 8 प्वाइंट्स, दूसरे स्थान पर रहने के लिए 7 अंक, तीसरे स्थान पर रहने के लिए 6 प्वाइंट्स और चौथे स्थान पर रहने के लिए 5 अंक दिए जाते हैं।
