1. Home
  2. हिन्दी
  3. चुनाव
  4. केजरीवाल से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री को लेकर विवाद – दिल्ली पुलिस ने AAP सांसद संजय सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर लगाई रोक
केजरीवाल से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री को लेकर विवाद – दिल्ली पुलिस ने AAP सांसद संजय सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर लगाई रोक

केजरीवाल से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री को लेकर विवाद – दिल्ली पुलिस ने AAP सांसद संजय सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर लगाई रोक

0
Social Share

नई दिल्ली, 19 जनवरी। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आगामी पांच फरवरी को प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर जारी सियासी जंग के बीच पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री फिल्म Unbreakable पर विवाद उठ खड़ा हुआ है। इसी सिलसिले में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहे थे। लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें ऐसा करने की इजाजत नहीं दी और उनकी पीसी पर रोक लगी दी। अब इस मामले को लेकर दिल्ली में राजनीतिक गर्माहट तेज हो गई है।

गोदावरी हाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस क दौरान दिखाई जानी थी डाक्यूमेंट्री

दरअसल, गोदावरी हाल में दोपहर एक बजे आम आदमी पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस थी, जिसमें संजय सिंह शामिल होने वाले थे। पार्टी द्वारा आयोजित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री दिखाई जानी थी। हालांकि इससे पहले ही दिल्ली पुलिस और चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस पर रोक लगा दी। इसके बाद संजय सिंह गोदावरी हॉल के बाहर ही बैठ गए। उन्होंने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस क्यों रोकी? दिल्ली पुलिस बताए।

भारतीय जनता पार्टी पर भड़के संजय सिंह

संजय सिंह ने कहा, ‘एक डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग रोक दी गई। मैं भारतीय जनता पार्टी से पूछना चाहता हूं कि वह इस डॉक्यूमेंट्री पर बैन लगाने के लिए क्यों मजबूर है। भारतीय जनता पार्टी किस बात से डरी हुई हैं? हम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करना चाहते हैं और एक डॉक्यूमेंट्री दिखाना चाहते हैं, लेकिन पुलिस और चुनाव आयोग ने इस हॉल के लिए उसकी अनुमति रद कर दी है। वे प्रेस कॉन्फ्रेंस को रोकने की कोशिश क्यों कर रहे हैं? हम यहां चुनावी रैली करने के लिए नहीं आए हैं। हम यहां सिर्फ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस और एक डॉक्यूमेंट्री दिखाने के लिए आए हैं। चुनाव आयोग से सिर्फ तभी अनुमति मांगा जाती है, जब चुनाव प्रचार करते हैं।’

ये है पूरा मामला

गौरतलब है कि AAP के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम रहे अरविंद केजरीवाल के जीवन से जुड़ी एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनी है, जिसका नाम अनब्रेकेबल है। इस डॉक्यूमेंट्री फिल्म की स्क्रीनिंग पर रोक लगी है। इसके बाद आम आदमी पार्टी ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल पर डॉक्यूमेंट्री का ट्रेलर रिलीज कर दिया। ‘आप’ ने आरोप लगाया कि भाजपा के कहने पर दिल्ली पुलिस ने इस डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग पर रोक लगाई है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code