किसान आंदोलन के बीच दिल्ली मेट्रो का टूटा रिकॉर्ड, 13 फरवरी को 71.09 लाख यात्रियों ने किया सफर

नई दिल्ली, 14 फरवरी। एमएसपी सहित विभिन्न मांगों को लेकर पंजाब व हरियाणा के किसानों की दिल्ली कूच की घोषणा के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सभी सीमाएं पिछले तीन दिनों से सील कर दी गई हैं। किसान आंदोलन के ही कारण काफी ट्रैफिक जाम लगा है। ऐसे में लोग समय बचाने के लिए मेट्रो से सफर कर रहे हैं, जिसकी वजह से मंगलवार, 13 फरवरी को दिल्ली मेट्रो के अब तक के पिछले सारे रिकॉर्ड टूट गए। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने X पर एक पोस्ट के जरिए यह जानकारी शेयर की है।

दिल्ली मेट्रो के नाम दर्ज हुआ रिकॉर्ड

डीएमआरसी ने एक आंकड़ा जारी करते हुए बताया कि मंगलवार, 13 फरवरी को करीब 71.09 लाख यात्रियों ने दिल्ली मेट्रो में सफर करके एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। इससे पहले सितम्बर 2023 में 71.03 लाख यात्रियों ने दिल्ली मेट्रो में सफर किया था, लेकिन अब पिछला रिकॉर्ड टूट गया है।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली मेट्रो को राष्ट्रीय राजधानी की लाइफलाइन कहा जाता है। रोजाना इसमें 50 लाख से भी ज्यादा लोग सफर करते हैं। दिल्ली मेट्रो पूरी दिल्ली और एनसीआर को जोड़ती है, जिसमें नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद भी समाहित हैं।

दिल्ली मेट्रो के सभी गेट खुले

गौरतलब है कि किसानों के विरोध प्रदर्शन के चलते दिल्ली प्रशासन ने 13 फरवरी को दिल्ली मेट्रो के नौ स्टेशनों के गेट बंद कर दिए थे ताकि यात्रियों के प्रवेश और निकास को नियंत्रित किया जा सके। इस वजह से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। फिलहाल डीएमआरसी की तरफ से ये जानकारी दी गई है कि दिल्ली के सभी मेट्रो स्टेशनों के गेट अब खोल दिए गए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular