1. Home
  2. राज्य
  3. दिल्ली
  4. दिल्ली की कमान संभालते ही सीएम रेखा गुप्ता ने कैबिनेट संग लिया मां यमुना का आशीर्वाद
दिल्ली की कमान संभालते ही सीएम रेखा गुप्ता ने कैबिनेट संग लिया मां यमुना का आशीर्वाद

दिल्ली की कमान संभालते ही सीएम रेखा गुप्ता ने कैबिनेट संग लिया मां यमुना का आशीर्वाद

0
Social Share

नई दिल्ली, 20 फरवरी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपनी कैबिनेट के सहयोगी मंत्रियों संग बुधवार की शाम पदभार संभालने के कुछ देर बाद ही मां यमुना का आशीर्वाद लिया। सीएम रेखा गुप्ता व कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह समेत अन्य भाजपा नेताओं ने वासुदेव घाट पर पूजा-अर्चना की और मां यमुना की संध्या आरती में शामिल हुए।

वासुदेव घाट पर पूजा-अर्चना और संध्या आरती में शामिल

वासुदेव घाट पर यमुना आरती के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “आज मां यमुना की आरती के दौरान हमें नदी को साफ करने का अपना संकल्प याद आया। हम आवश्यक संसाधनों का उपयोग करेंगे और यह हमारी प्राथमिकता होगी।”

इससे पहले, आरती की तैयारियां चल रही थीं और वासुदेव घाट के पास यमुना नदी में सफाई की प्रक्रिया चल रही थी। वासुदेव घाट यमुना नदी के पश्चिमी तट पर यमुना घाट और निगम बोध घाट के बीच स्थित है, जो कश्मीरी गेट इलाके में है। यह पहला घाट है, जिसे दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने बनाया है।

एलजी सक्सेना ने पिछले वर्ष किया था वासुदेव घाट का उद्घाटन

वासुदेव घाट का उद्घाटन मार्च, 2024 में दिल्ली के उप राज्यपाल (LG) वीके सक्सेना ने किया था। इस घाट पर काफी कुछ बनाया गया है। नदी के किनारे हरियाली और नक्काशीदार मंडप भी बने हैं। इसमें ट्यूलिप, मैरीगोल्ड और सदाबहार से भरे मौसमी फूलों की क्यारियां हैं। इस घाट पर 300 किलोग्राम का घंटा भी लगा हुआ है।

भाजपा के मेनिफेस्टो में यमुना की सफाई सबसे अहम मुद्दा

उल्लेखनीय है कि दिल्ली चुनाव में यमुना की सफाई को भाजपा ने बड़ा मुद्दा बनाया था। भाजपा के मेनिफेस्टो में यमुना की सफाई सबसे अहम मुद्दा रहा है और इस बार यमुना की गंदगी बड़े पैमाने पर चुनावी मुद्दा भी बनाया गया था। वहीं चुनाव में शानदार जीत मिलने के बाद दिल्ली में यमुना की सफाई, नई भाजपा सरकार की टॉप प्रायॉरिटी में दिख रही है। अरविंद केजरीवाल ने भी सीएम रहते यमुना की सफाई का वादा किया था, लेकिन वह वादा ही रह गया था।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code