AHF जूनियर एशिया कप : गत चैम्पियन भारतीय पुरुष लगातार चौथी बार फाइनल में, मलेशिया को दी शिकस्त

मोकी (चीन), 11 सितम्बर। गत चैम्पियन भारत ने शुक्रवार को यहां खेले गए पहले सेमीफाइनल में कप्तान अनमोल इक्का के दो गोलों की मदद से मलेशिया पर 3-1 की जीत से लगातार चौथी बार AHF पुरुष जूनियर एशिया कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया।

कप्तान अनमोल इक्का ने ठोके दो गोल

शानदार फॉर्म में चल रहे ड्रैग फ्लिकर अनमोल ने अपने दोनों गोल पेनाल्टी कॉर्नर पर किए। टूर्नामेंट में अब तक वह 16 गोल कर चुके हैं। गोलकीपर विवेक लाकड़ा ने भी एक पेनाल्टी स्ट्रोक समेत कई शानदार बचाव करके भारत का दबदबा कायम रखा।

भारत की अब दक्षिण कोरिया से होगी खिताबी टक्कर

भारत की नजरें अब लगातार चौथे और कुल छठे खिताब पर है। अब उसका सामना दक्षिण कोरिया से होगा, जिसने एक अन्य मैच में पाकिस्तान को 4-1 से शिकस्त दी।

पहले क्वार्टर में मुकाबला गोलरहित

हुलुनबुइर स्थित मोकी ट्रेनिंग सेंटर की सतह पर खेले गए मुकाबले की बात करें तो भारत ने आक्रामक शुरुआत की, जब अजीत यादव शुरुआती दो मिनट में दो बार मलेशियाई सर्कल में घुसे। भारत को जल्द ही तीन पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन मलेशियाई गोलकीपर अम्सियार मोहम्मद आदिब ने उन्हें गोल में बदलने नहीं दिया। पहले क्वार्टर के आखिरी मिनट में मलेशिया गोल करने के करीब पहुंचा, लेकिन उसका प्रयास नाकाम रहा।

दूसरा क्वार्टर शुरू होते ही भारत को 16वें मिनट में चौथा पेनाल्टी कॉर्नर मिला। कप्तान अनमोल ने इसे गोल में बदलकर भारत को बढत दिलाई। मलेशिया को जवाबी हमले में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारत के पहले रशर ने प्रयास नाकाम कर दिया। भारतीय गोलकीपर लाकड़ा ने तीसरे क्वार्टर में 34वें मिनट में गोल के दो प्रयासों को नाकाम किया। भारत के मनमीत सिंह को 36वें मिनट में और प्रभदीप सिंह को 41वें मिनट में पीला कार्ड मिला।

अंतिम क्वार्टर में हुए 3 गोल

चौथे क्वार्टर में भारत के लिए सुखविंदर ने दूसरा गोल किया। भारत को 54वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर पर मलेशिया ने वीडियो रेफरल लिया, लेकिन वीडियो रेफरी ने मूल फैसला कायम रखा और अनमोल ने इसे गोल में तब्दील कर बढत 3-0 पहुंचा दी। आखिरी सीटी बजने से 24 मिनट पहले मलेशिया को आठवां पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसे एम राहुल ने गोल में बदला।

महिला सेमीफाइनल में भारत की कोरिया से मुलाकात शनिवार को

उधर महिला वर्ग के सेमीफाइनल शनिवार को खेले जाएंगे। गत चैम्पियन भारत की मुलाकात दक्षिण कोरिया से होगी जबकि चीन का सामना जापान से होगा। दोनों वर्गों के फाइनल रविवार को खेले जाएंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular