विश्व एथलेटिक्स : आठवें स्थान पर पिछड़ गए गत चैम्पियन नीरज चोपड़ा, प्रथम प्रवेशी सचिन को चौथा स्थान

टोक्यो, 18 सितम्बर। पिछले कुछ दिनों से पीठ की चोट से जूझ रहे गत चैम्पियन व दो बार के ओलम्पिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा यहां विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के पुरुष भालाफेंक फाइनल में निराशाजनक प्रदर्शन के चलते आठवें स्थान पर पिछड़ गए जबकि पहली बार जोर आजमाइश कर रहे भारत के ही सचिन यादव ने अपना सर्व श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के साथ चौथा स्थान हासिल किया।

84.03 मी. के सर्वश्रेष्ठ प्रयास से चोपड़ा पांचवें दौर के बाद बाहर हुए

दिलचस्प तो यह रहा कि फाइनल में कोई भी प्रतियोगी 90 मीटर तक नहीं पहुंच सका। चोपड़ा पांचवें दौर के बाद बाहर हो गए और 84.03 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ आठवें स्थान पर रहे। फिलहाल भारतीय खेल प्रेमियों को इस नतीजे की उम्मीद नहीं थी क्योंकि टोक्यो ओलम्पिक 2021 में स्वर्ण पदक मिलने के बाद पिछले चार साल से वह चोपड़ा को या तो स्वर्ण पदक जीतते या पोडियम पर रहते हुए देख रहे थे। पिछले वर्ष पेरिस ओलम्पिक में नीरज खिताब तो नहीं बचा सके थे, लेकिन रजत पदक जीतने में सफल रहे थे।

5 प्रयासों में एक बार भी 85 मीटर की दूरी पार नहीं कर सके

विश्व चैम्पियनशिप 2022 में रजत और 2023 में स्वर्ण जीतने वाले चोपड़ा टोक्यो ओलम्पिक के बाद से किसी भी स्पर्धा में शीर्ष दो से नीचे नहीं रहे हैं। चोपड़ा पांच प्रयासों में एक बार भी 85 मीटर की दूरी पार नहीं कर सके। इससे पहले उनका सबसे खराब प्रदर्शन 82.27 मीटर था, जब उन्होंने मई, 2024 में फेडरेशन कप में स्वर्ण पदक जीता था। नीरज ने फाइनल के बाद कहा कि वह पिछले दो हफ्तों से पीठ की समस्या से जूझ रहे हैं, जिसके लिए रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे थे।

केशोर्न वाल्कॉट ने जीता स्वर्ण, सचिन ने 86.27 मी. तक थ्रो किया

स्वर्ण पदक त्रिनिदाद और टोबैगो के केशोर्न वाल्कॉट (88.16 मीटर) ने जीता जबकि ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स (87.38 मीटर) दूसरे और अमेरिका के कर्टिस थाम्पसन (86.67 मीटर) तीसरे स्थान पर रहे। भारत के दूसरे भाला प्रक्षेपक सचिन यादव ने 86.27 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास से चौथे स्थान पर रहे। वहीं पिछली बार के रजत पदक विजेता व पेरिस ओलम्पिक चैम्पियन पाकिस्तान के अरशद नदीम चौथे दौर के बाद बाहर होने वाले पहले प्रतियोगियों में थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular