ACT हॉकी : गत चैम्पियन भारत की लगातार चौथी जीत, हरमनप्रीत के दो गोल से कोरिया को 3-1 से दी शिकस्त

हुलुनबुइर (चीन), 12 सितम्बर। गत चैम्पियन भारत ने यहां हीरो एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी (ACT) हॉकी की राउंड रॉबिन लीग में अपना अजेय क्रम जारी रखा और गुरुवार को खेले गए मैच में कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल की मदद से कोरिया को 3-1 से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की।

पाकिस्तान से शनिवार को होगी टक्कर

सेमीफाइनल का टिकट पहले ही पक्का कर चुकी पेरिस ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम शुरुआती तीन मैचों में क्रमशः चीन को 3-0, जापान को 5-0 और मलेशिया को 8-1 से हरा चुकी है। अब शनिवार को आखिरी लीग मैच में हरमीत एंड कम्पनी चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से खेलेगी। राउंड रॉबिन लीग की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। दोनों सेमीफाइनल 16 सितम्बर को खेले जाएंगे जबकि फाइनल 17 सितम्बर को होगा।

मुकाबले की बात करें तो भारतीयों ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए पहले ही क्वार्टर में दो गोल की बढत बना ली। मलेशिया के खिलाफ दो गोल करने वाले अराइजीत सिंह हुंडल ने आठवें मिनट में खाता खोला। इसके बाद विश्व के सर्वश्रेष्ठ ड्रैग फ्लिकर्स में एक हरमनप्रीत ने नौवें और 43वें मिनट में दो पेनल्टी कॉर्नर तब्दील किए। कोरिया के लिए एकमात्र गोल 30वें मिनट में जिहुन यांग ने पेनल्टी कॉर्नर पर दागा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular