1. Home
  2. कारोबार
  3. घरेलू शेयर बाजार में गिरावट थमी, सेंसेक्स 394 अंक मजबूत, निफ्टी 23250 के निकट
घरेलू शेयर बाजार में गिरावट थमी, सेंसेक्स 394 अंक मजबूत, निफ्टी 23250 के निकट

घरेलू शेयर बाजार में गिरावट थमी, सेंसेक्स 394 अंक मजबूत, निफ्टी 23250 के निकट

0
Social Share

मुंबई, 9 जून। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्तक्षेप के बाद इजराइल व ईरान के बीच तनातनी कम होने से कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी का असर वैश्विक बाजारों के साथ-साथ भारतीय शेयर बाजार पर भी पड़ा और पिछले दो कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट मंगलवार को थम गई। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स नें 394 अंकों की मजबूती पकड़ी तो निफ्टी 119 अंकों की बढ़ोतरी से 23,250 के निकट पहुंच गया। विश्लेषकों के अनुसार बैंक शेयरों में तेजी से भी बाजार की धारणा मजबूत हुई।

सेंसेक्स 0.54 प्रतिशत बढ़कर 73,918.76 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 394.50 अंक यानी 0.54 प्रतिशत बढ़कर 73,918.76 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 511.15 अंक तक चढ़ कर 74 हजार के पार 74,045.31 तक गया था। दिलचस्प तो यह रहा कि सेंसेक्स ने शुरुआत भी इसी स्तर पर की थी। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 18 के शेयर लाभ में रहे तो 12 में गिरावट दर्ज की गई।

निफ्टी 119.10 अंक बढ़कर 23,242.10 पर बंद

दूसरी तरफ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 119.10 अंक यानी 0.52 प्रतिशत बढ़कर 23,242.10 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान मानक सूचकांक 156.4 अंक तक चढ़ गया था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 29 के शेयर लाभ में रहे जबकि 21 में कमजोरी दिखी। व्यापक बाजार देखें तो मझोली कम्पनियों का बीएसई मिडकैप सूचकांक 1.50 प्रतिशत उछल गया जबकि छोटी कम्पनियों के स्मालकैप सूचकांक में 1.33 प्रतिशत की तेजी रही।

इंटरग्लोब एविएशन के स्टॉक सबसे ज्यादा 4.04 फीसदी चढ़े

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इंटरग्लोब एविएशन के स्टॉक सबसे ज्यादा 4.04 फीसदी चढ़े। भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस और एशियन पेंट्स भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में टाइटन, एनटीपीसी, पावर ग्रिड और टेक महिंद्रा शामिल हैं।

इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.66 प्रतिशत गिरकर 92.69 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code