1. Home
  2. हिंदी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. मॉस्को हमले में मृतकों की संख्या 115 पहुंची, अब तक 11 लोगों को हिरासत में लिया गया
मॉस्को हमले में मृतकों की संख्या 115 पहुंची, अब तक 11 लोगों को हिरासत में लिया गया

मॉस्को हमले में मृतकों की संख्या 115 पहुंची, अब तक 11 लोगों को हिरासत में लिया गया

0
Social Share

मॉस्को, 23 मार्च। रूस की राजधानी मॉस्को में शुक्रवार की शाम एक कॉन्सर्ट हॉल में समारोह के दौरान आतंकियों द्वारा की गई अंधाधुंध गोलीबारी व आगजनी से मृतकों की संख्या बढ़कर 115 तक जा पहुंची है, जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं जबकि 145 लोग घायल हुए हैं। इस हमले के बाद अब तक 11 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

इस्लामिक स्टेट से जुड़े आतंकी संगठन ISKP ने ली है हमले की जिम्मेदारी

आतंकवादी समूह इस्लामिक स्टेट से जुड़े इस्लामिक स्टेट खुरासान प्रोविंस (ISKP) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ‘तास’ के अनुसार, संघीय सुरक्षा सेवा के प्रमुख ने शनिवार को राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को बताया कि हिरासत में लिए गए 11 लोगों में से चार लोग सीधे इस हमले में शामिल थे।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही देश में हुए चुनाव में जीत हासिल कर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सत्ता पर अपनी पकड़ और मजबूत की थी। इस्लामिक स्टेट समूह ने सोशल मीडिया पर संबद्ध चैनलों पर साझा किए गए एक बयान में हमले की जिम्मेदारी ली। इस्लामिक स्टेट समूह ने अपनी समाचार एजेंसी अमाक द्वारा साझा किए गए एक बयान के जरिए कहा कि उसने मॉस्को के बाहरी इलाके क्रास्नोगोर्स्क में ‘ईसाइयों’ की एक बड़ी सभा पर हमला किया, जिसमें सैकड़ों लोग मारे गए और घायल हो गए।

फिलहाल दावे की प्रामाणिकता सत्यापित नहीं की जा सकी है लेकिन एक अमेरिकी खुफिया अधिकारी ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि अमेरिकी खुफिया एजेंसी को पता चला था कि अफगानिस्तान में इस्लामिक स्टेट समूह की शाखा मॉस्को में हमले की योजना बना रही थी और उन्होंने रूसी अधिकारियों के साथ जानकारी साझा की थी।

रूस में पिछले दो दशक में हुआ सबसे भीषण आतंकी हमला

इसे रूस में पिछले दो दशक में हुआ सबसे भीषण आतंकी हमला माना जा रहा है। यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब देश का यूक्रेन के साथ युद्ध तीसरे वर्ष भी जारी है। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने हमले को ‘बहुत बड़ी त्रासदी’ बताया।

राष्ट्रपति पुतिन के आधिकारिक आवास ‘क्रेमलिन’ ने बताया कि हमलावरों के ‘क्रोकस सिटी हॉल’ में हमला करने के कुछ ही मिनट बाद पुतिन को इस बारे में सूचित कर दिया गया था। यह हॉल मॉस्को के पश्चिमी छोर पर स्थित एक बड़ा संगीत स्थल है, जिसमें 6,200 लोग बैठ सकते हैं।

यह हमला तब हुआ जब क्रोकस सिटी हॉल में प्रसिद्ध रूसी रॉक बैंड ‘पिकनिक’ के एक संगीत कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोगों की भीड़ जमा थी। हमले के दौरान लगी आग को बुझाने के दौरान शनिवार तड़के थिएटर की छत गिर पड़ी।

मॉस्को में सैकड़ों लोग रक्त और प्लाज्मा दान करने के लिए कतारों में खड़े रहे

अभियोजक कार्यालय ने बताया कि लड़ाकू पोशाक पहने कई पुरुष समारोह स्थल में घुसे और उन्होंने वहां मौजूदा लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। हमले के दौरान हॉल में मौजूद डेव प्रिमोव ने कहा, ‘लगातार गोलीबारी होने लगी। हम सब उठे और गलियारे की ओर बढ़ने की कोशिश करने लगे। लोग घबराने लगे और भगदड़ मच गयी। कुछ लोग नीचे गिर गए जिन्हें कुछ अन्य लोगों ने कुचल दिया।’ रूस के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मॉस्को में शनिवार सुबह सैकड़ों लोग रक्त और प्लाज्मा दान करने के लिए कतारों में खड़े रहे।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने जघन्य हमले की निंदा की

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने इस ‘जघन्य और कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले’ की निंदा की और दोषियों को जवाबदेह ठहराने की आवश्यकता पर जोर दिया। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटारेस ने भी कड़े से कड़े शब्दों में आतंकवादी हमले की निंदा की। उनके प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

उल्लेखनीय है कि अक्टूबर, 2015 में इस्लामिक स्टेट ने सिनाई में रूस के एक यात्री विमान को निशाना बनाया था, जिसमें विमान में सवार सभी 224 यात्रियों की मौत हो गई थी। इनमें से ज्यादातर मिस्र से छुट्टियां मनाकर लौट रहे रूसी नागरिक थे।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code