1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत में कोरोना संकट : रिकवरी रेट में मामूली सुधार, सक्रिय मामलों में गिरावट, 4 हजार लोगों की मौत
भारत में कोरोना संकट : रिकवरी रेट में मामूली सुधार, सक्रिय मामलों में गिरावट, 4 हजार लोगों की मौत

भारत में कोरोना संकट : रिकवरी रेट में मामूली सुधार, सक्रिय मामलों में गिरावट, 4 हजार लोगों की मौत

0
Social Share

नई दिल्ली, 14 मई। कोरोना महामारी की दूसरी लहर से जूझ रहे भारत में पिछले 24 घंटे के भीतर रिकवरी रेट में जहां मामूली सुधार दिखा वहीं सक्रिय मामलों की संख्या में तनिक कमी आई। हालांकि लगातार तीसरे दिन संक्रमितों की मौतों ने चार हजार का आंकड़ा स्पर्श किया।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को पूर्वाह्न आठ बजे उपलब्ध कराई गई अद्यतन जानकारी के अनुसार गत आठ मई के बाद पहली बार स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 3.50 लाख से नीचे आई और कुल 3,44,776 लोग स्वस्थ घोषित किए गए। हालांकि नए संक्रमितों की संख्या भी कम हुई और 24 घंटे में 3,43,144 नए केस दर्ज किए गए। इस दौरान चार हजार लोग कोरोना से जंग हार गए। पिछले दो दिनों में चार हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।

मंत्रालय के अनुसार देश में अब तक सामने आए संक्रमण के कुल मामले 2.40 करोड़ से ज्यादा 2,40,46,809 तक पहुंच चुकी है जबकि 83.50 फीसदी की दर से दो करोड़ से ज्यादा कुल 2,00,79,599 लोग कोरोना को परास्त कर चुके हैं। 1.09 प्रतिशत की दर से अब तक देशभर में 2.62 लाख से ज्यादा 2,62,317 लोगो की मौत हो चुकी है।

गुरुवार के मुकाबले 5,632 की कमी के साथ अब कुल एक्टिव केस 37,04,893 हैं। देश में सक्रिय मामलों की मौजूदा दर तनिक गिरावट के साथ 15.41 फीसदी है।

इस बीच गुरुवार को देशभर में 20 लाख से ज्यादा कुल 20,27,162 लोगों का टीकाकरण किया गया। इसके साथ ही कुल वैक्सिनेशन का आंकड़ा 18 करोड़ के करीब 17,92,98,584 तक जा पहुंचा है। इसी क्रम में 24 घंटे के भीतर 18.75 लाख से ज्यादा कुल 18,75,515 लोगों की कोरोना जांच की भी गई।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code