1. Home
  2. हिन्दी
  3. भारत में कोरोना संकट : 25 दिनों बाद मृतकों की संख्या 3,500 से कम, रिकवरी दर 91% के ऊपर
भारत में कोरोना संकट : 25 दिनों बाद मृतकों की संख्या 3,500 से कम, रिकवरी दर 91% के ऊपर

भारत में कोरोना संकट : 25 दिनों बाद मृतकों की संख्या 3,500 से कम, रिकवरी दर 91% के ऊपर

0
Social Share

नई दिल्ली, 30 मई। कोरोना महामारी की दूसरी लहर पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों को छोड़ लगातार सिकुड़ रही है। इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि देश में संक्रमण के नए केस दिन प्रतिदिन कम हो रहे हैं। इसी क्रम में संक्रमण से मरने वालों की संख्या 25 दिनों बाद साढ़े तीन हजार से नीचे गिरी जबकि रिकवरी दर 91 फीसदी से ऊपर जा पहुंची है।

देश में अब तक 3.25 लाख से ज्यादा लोगों की मौत

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से रविवार को पूर्वाह्न आठ बजे साझा की गई ताजा जानकारी के अनुसार बीते 24 घंटे के दौरान कुल 3,460 लोगों की मौत हुई। वस्तुतः संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान अंतिम बार तीन मई को साढ़े तीन हजार से कम 3,449 मौतें हुई थीं। फिलहाल देश में इस महामारी से अब तक कुल संक्रमितों की 1.17 फीसदी की दर सवा तीन लाख से ज्यादा 3,25,972 लोगों की जान जा चुकी है।

मंत्रालय के अनुसार शनिवार को दिनभर में कुल 1,65,553 नए केस दर्ज किए गए। इसके साथ ही देश में अब तक 2.78 करोड़ से ज्यादा कुल 2,78,94,800 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके सापेक्ष 91.25 फीसदी की दर से 2.54 करोड़ से ज्यादा कुल 2,54,54,320 लोगों ने कोरोना से जंग जीती है। इनमें बीते 24 घंटे के दौरान स्वस्थ घोषित किए गए 2,76,309 लोग भी शामिल हैं।

सक्रिय मामलों में 1.14 लाख से ज्यादा की गिरावट

देश में इलाजरत मरीजों की संख्या भी लगातार घट रही है और लगातार दूसरे दिन सक्रिय मामलों में 1.14 लाख से ज्यादा 1,14,216 की गिरावट देखने को मिली। अब देश में 7.58 फीसदी के रेट से कुल 21,14,508 लोगों का विभिन्न अस्पतालों या होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है।

लगातार दूसरे दिन 30 लाख से ज्यादा लोगों का टीकाकरण

इस बीच देश में कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान एक बार फिर रफ्तार पकड़ चुका है। इस क्रम में लगातार दूसरे दिन 30 लाख से ज्यादा कुल 30,35,749 लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई। इसके साथ ही देशभर में अब तक 21.20 करोड़ से ज्यादा 21,20,66,214 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।

देश में अब तक 34.31 करोड़ से ज्यादा लोगों की जांच

दूसरी तरफ भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने जानकारी दी है कि 29 मई तक देशभर में कुल 34,31,83,748 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है। इस क्रम में शनिवार को दिनभर में कुल 20,63,839 लोगों की टेस्टिंग की गई।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code