गुजरात चुनाव : कांग्रेस ने 37 उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की, कुल 179 प्रत्याशी घोषित

नई दिल्ली, 16 नवम्बर। कांग्रेस ने गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को 37 उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी। पार्टी ने 182 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में कुल 179 प्रत्याशी घोषित किए हैं। उसने तीन सीटें सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के लिए छोड़ी हैं। राकांपा उमरेठ (आनंद जिला), नरोदा (अहमदाबाद) और देवगढ़ बरिया (दाहोद जिला) में चुनाव लड़ेगी।

पूर्व सीएम शंकर सिंह वाघेला के पुत्र महेंद्र भी वायड से चुनाव लड़ेंगे

कांग्रेस की ओर से जारी उम्मीदवारों की अंतिम सूची में पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला के पुत्र महेंद्र सिंह वाघेला भी शामिल हैं। महेंद्र सिंह वाघेला बायड विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा पालनपुर से महेश पटेल, गांधीनगर उत्तर से वीरेंद्र सिंह वाघेला, वड़ोदरा शहर से जी.परमार और कालोल से प्रभात सिंह को टिकट दिया गया है।

भाजपा ने 3 और उम्मीदवारों की घोषणा की

उधर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी बुधवार को तीन और क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। इसके साथ ही पार्टी अब तक कुल 182 सीटों में से 181 के लिए अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर चुकी है। अब, वड़ोदरा की मंजलपुर एकमात्र सीट है जिसके लिए सत्तारूढ़ दल ने अपने उम्मीदवार की घोषणा अब नहीं की है।

खेरालू, मनसा और गरबाड़ा सीटों के लिए भाजपा प्रत्याशी घोषित

भाजपा ने आज खेरालू, मनसा और गरबाड़ा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित किए। मेहसाणा जिले के खेरालू सीट से मौजूदा विधायक अजमलजी ठाकोर को टिकट नहीं देकर उनकी जगह सरदारसिंह चौधरी को मैदान में उतारा गया है। गांधीनगर जिले की मनसा और दाहोद जिले की गरबाड़ा (सुरक्षित) सीट के लिए क्रमश: जयंती उर्फ ​​जे.एस. पटेल और महेंद्र भाभोर को टिकट दिया गया है। खेरालू के अलावा अन्य दोनों सीटों पर फिलहाल कांग्रेस का कब्जा है।

खेरालू 2002 से ही भाजपा का गढ़ रहा है। चार बार के विधायक भरतसिंह डाभी के 2019 में पाटन लोकसभा सीट से निर्वाचित होने के बाद हुए उपचुनाव में भाजपा के अजमलजी ठाकोर विधायक बने। मनसा क्षेत्र में विपक्षी कांग्रेस 2012 और 2017 में विजयी हुई थी। वर्ष 2012 के चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर अमित चौधरी विजयी हुए थे। लेकिन 2017 में उन्होंने पार्टी बदल ली और वह भाजपा से मैदान में उतरे। हालांकि वह कांग्रेस के सुरेश पटेल से पराजित हो गए।

अमित शाह मनसा कस्बे के निवासी, मनसा सीट पर 2012 से कांग्रेस का कब्जा

इस बार कांग्रेस ने मनसा से मौजूदा विधायक सुरेश पटेल को टिकट नहीं देकर बाबूसिंह ठाकोर को मैदान में उतारा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मनसा कस्बे के ही रहने वाले हैं। गरबाड़ा क्षेत्र में भाजपा के भाभोर और मौजूदा कांग्रेस विधायक चंद्रिकाबेन बारिया के बीच सीधा मुकाबला होने की उम्मीद है। चंद्रिकाबेन 2012 से सीट का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

गुजरात विधानसभा के लिए अगले महीने दो चरणों में मतदान कराए जाएंगे। एक दिसम्बर को 89 क्षेत्रों और पांच दिसम्बर को 93 क्षेत्रों में चुनाव होंगे। मतगणना आठ दिसम्बर को होगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular