कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा – रायबरेली सीट से सांसद बने रहेंगे राहुल गांधी, वायनाड से उपचुनाव लड़ेंगी प्रियंका

नई दिल्ली, 17 जून। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को स्पष्ट किया कि राहुल गांधी रायबरेली से सांसद बने रहेंगे और वायनाड सीट से इस्तीफा देंगे। खरगे ने यह भी जानकारी दी कि प्रियंका गांधी वायनाड से उपचुनाव लड़ेंगी। खरगे ने अपने आवास पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के बीच हुई आपसी चर्चा के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस फैसले की घोषणा की।

खरगे ने मीडिया से बातचीत के दौरान प्रियंका गांधी के एक पुराने स्लोगन ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का प्रयोग करते हुए कहा कि वह वायनाड से उपचुनाव लड़ेंगी। इस प्रकार कांग्रेस ने एक ही दिन में दो बड़ी घोषणाएं कर दीं। एक तो राहुल गांधी रायबरेली से ही सांसद बने रहेंगे और दूसरा यह कि  पार्टी ने वायनाड उपचुनाव के लिए अपना प्रत्याशी भी उतार दिया है।

गौरतलब है कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आम चुनाव 2024 में दोनों लोकसभा सीटों – केरल में वायनाड और उत्तर प्रदेश में रायबरेली पर बड़े अंतरों से जीत हासिल की थी। फिलहाल राहुल ने वायनाड लोकसभा सीट छोड़ने के साथ अपने पारिवारिक गढ़ रायबरेली में रहने का फैसला किया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular