1. Home
  2. राज्य
  3. CM योगी ने Gonda को दी बड़ी सौगात, कहा- परिवारवाद की राजनीति के चलते गोंडा को नहीं मिला उचित सम्मान
CM योगी ने Gonda को दी बड़ी सौगात, कहा- परिवारवाद की राजनीति के चलते गोंडा को नहीं मिला उचित सम्मान

CM योगी ने Gonda को दी बड़ी सौगात, कहा- परिवारवाद की राजनीति के चलते गोंडा को नहीं मिला उचित सम्मान

0
Social Share

गोंडा/लखनऊ, 6 जून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले गोंडा जिले को लंबे समय तक परिवारवाद, भाई-भतीजावाद और तुष्टीकरण की राजनीति के कारण उसका उचित सम्मान नहीं मिल सका। सीएम योगी ने जिले में कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र की कर्नलगंज और कटरा विधानसभा क्षेत्रों के लिए लगभग 516 करोड़ रुपये की 262 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बलरामपुर स्थित मां पाटेश्वरी देवीपाटन मंदिर में रात्रि विश्राम के बाद गोण्डा जिले के चकरौत गांव पहुंचे, जहां उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि गोण्डा एक ऊर्जावान जनपद है, जहां के किसान, बेटियां और महिलाएं आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार के पिछले वर्षों के प्रयासों से आज गोण्डा के युवाओं को नई पहचान और सम्मान मिला है।

उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों और निवेश आधारित रोजगार के अवसरों में जिले के युवाओं की भागीदारी बढ़ी है। उन्होंने दावा किया कि सरकार बिना किसी जाति, धर्म, क्षेत्र या पंथ के भेदभाव के पात्र लोगों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है और विकास योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले धार्मिक आयोजनों और पर्व-त्योहारों में व्यवधान उत्पन्न किए जाते थे तथा उपद्रवियों को संरक्षण मिलता था।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार कानून व्यवस्था के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामभक्तों के लंबे संघर्ष और त्याग का परिणाम आज देश देख रहा है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बन चुका है। मुख्यमंत्री ने गोण्डा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना, इंजीनियरिंग एवं कृषि शिक्षा संस्थानों के विकास, सड़कों और पुलों के निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में आधारभूत संरचना तेजी से मजबूत हो रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले को चिकित्सा एवं विकास सुविधाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। योगी आदित्यनाथ ने बताया कि कटरा विधानसभा क्षेत्र में 256 करोड़ रुपये तथा कर्नलगंज विधानसभा क्षेत्र में 260 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में जनकल्याणकारी उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए कार्यक्रम और मेले आयोजित किए जाने की जानकारी दी। साथ ही प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश नई ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने क्षेत्र में बाढ़ की समस्या का उल्लेख करते हुए टेढ़ी नदी पर पुल निर्माण की घोषणा भी की। सभा में विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code