1. Home
  2. राज्य
  3. उत्तरप्रदेश
  4. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सीएम योगी ने मथुरा को दी 6 अरब से ज्यादा की सौगात, 80 योजनाओं का किया लोकार्पण
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सीएम योगी ने मथुरा को दी 6 अरब से ज्यादा की सौगात, 80 योजनाओं का किया लोकार्पण

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सीएम योगी ने मथुरा को दी 6 अरब से ज्यादा की सौगात, 80 योजनाओं का किया लोकार्पण

0
Social Share

मथुरा, 16 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शनिवार को मथुरा को छह अरब से ज्यादा करीब 646 करोड़ रुपये की 118 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस क्रम में मुख्यमंत्री ने मथुरा-वृंदावन के लिए 80 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनकी लागत करीब 273 करोड़ रुपये है। इसके अलावा उन्होंने 38 परियोजनाओं का शिलान्यास किया, जिनकी लागत करीब 373 करोड़ रुपये है। इन परियोजनाओं में परिक्रमा मार्गों का सौंदर्यीकरण, प्रवेश द्वार, कुंडों का जीर्णोद्धार, श्रद्धालुओं की सुविधा, कनेक्टिविटी, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

ब्रजक्षेत्र के समग्र विकास के लिए 30 हजार करोड़ की नई परियोजनाओं की घोषणा

सीएम योगी भगवान श्रीकृष्ण के 5252वें जन्मोत्सव पर मथुरा के डैम्पियर नगर स्थित पांचजन्य सभागार में आयोजित साधु-संतों के सम्मान समारोह में भी पहुंचे। उन्होंने ब्रजक्षेत्र के समग्र विकास के लिए 30 हजार करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं की घोषणा करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से मथुरा, वृंदावन, बरसाना और गोकुल जैसे तीर्थ स्थलों को द्वापर युग की स्मृतियों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा, ‘हमारी सरकार संतों की भावनाओं का सम्मान करने और बृजक्षेत्र को संवर्धित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हम उन कार्यों को संभव बना रहे हैं, जिन्हें कभी असंभव माना जाता था।’

जन्मस्थली पहुंच कर किया दर्शन-पूजन

सीएम योगी ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थली पहुंचकर दर्शन किए और देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के धर्म पथ पर चलकर जनता और देश के कल्याण के लिए कार्य करें। मुख्यमंत्री ने इस दौरान सनातन धर्म की विरासत के संरक्षण और आधुनिक विकास के बीच संतुलन बनाने की बात कही, साथ ही अपनी सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।

पूर्वाह्न करीब 11.50 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचे मुख्यमंत्री ने सबसे पहले ठाकुर केशवदेव और माता योगमाया के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने गर्भगृह में श्रीकृष्ण चबूतरे की पूजा-अर्चना की। दर्शन के बाद उन्होंने श्रद्धालुओं से भरे परिसर में सभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वृंदावन बिहारी लाल और जय श्री राधे के जयकारे लगाए।

अयोध्या से लेकर मथुरा तक, हमारी आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक

सीएम योगी ने श्रीकृष्ण के 5252वें जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘यह बृजभूमि भगवान विष्णु के पूर्ण अवतार श्रीकृष्ण की लीलाओं की भूमि है। यह हम सबका सौभाग्य है कि भगवान के कई अवतारों ने उत्तर प्रदेश की भूमि को कृतार्थ किया है। अयोध्या से लेकर मथुरा तक, ये स्थान हमारी आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक हैं।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले आठ-नौ वर्षों से उन्हें जन्माष्टमी और बरसाना के रंगोत्सव में शामिल होने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल, बलदेव, गोवर्धन और राधा कुंड जैसे स्थानों को तीर्थ के रूप में पुन: स्थापित करने का संकल्प लिया है।

सीएम योगी ने गौ संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गौ माता सनातन धर्म के प्रतीकों में से एक है और उनकी सरकार निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गौ पालन करने वाले किसानों को 1500 रुपये प्रति माह दिए जा रहे हैं। फिलहाल 16 लाख से अधिक गोवंश का संरक्षण किया जा रहा है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code