1. Home
  2. राज्य
  3. महाराष्ट्र
  4. सीएम फडणवीस बोले – औरंगजेब की कब्र हटाने या कोई बदलाव के लिए कानून का पालन जरूरी
सीएम फडणवीस बोले – औरंगजेब की कब्र हटाने या कोई बदलाव के लिए कानून का पालन जरूरी

सीएम फडणवीस बोले – औरंगजेब की कब्र हटाने या कोई बदलाव के लिए कानून का पालन जरूरी

0
Social Share

मुंबई, 9 मार्च। समाजवादी पार्टी (सपा) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष व विधायक अबू आजमी द्वारा मुगल बादशाह औरंगजेब को लेकर दिए बयान के बाद महाराष्ट्र में सियासी घमासान मचा हुआ है। औरंगाबाद यानी छत्रपति संभाजीनगर में स्थित औरंगजेब कब्र हटाने की मांग तेज हो गई है। इसी क्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी कहा है कि यह सिर्फ उनकी सरकार का सवाल नहीं है, बल्कि सभी लोगों का सवाल है कि क्या इस कब्र को हटाया जाना चाहिए।

कोई फैसला जल्दबाजी में नहीं लिया जा सकता

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि औरंगजेब की यह कब्र कांग्रेस सरकार के समय संरक्षित की गई थी। यह कब्र भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के अधीन है। इसलिए, इसे हटाने या कोई बदलाव करने के लिए कानून का पालन करना जरूरी होगा। इस संबंध में कोई फैसला जल्दबाजी में नहीं लिया जा सकता है।

‘श्री गुरु तेग बहादुर जी महाराज’ के 350वें शहीदी वर्ष के अवसर पर मुंबई में आयोजित एक समारोह में मुख्यमंत्री ने यह बयान दिया। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब राज्य में औरंगजेब की कब्र को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है और कई राजनीतिक और धार्मिक संगठनों ने इसे हटाने की मांग की है।

औरंगजेब की कब्र पर 6.5 लाख रुपये हुए खर्च

इसी क्रम में हिन्दू जनजागृति समिति ने RTI के जरिए जानकारी मांगी थी, जिसमें पता चला कि औरंगजेब की कब्र के रखरखाव पर 2011 से 2023 तक 6.5 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। वहीं सिंधुदुर्ग किले के राज राजेश्वर मंदिर के रखरखाव के लिए सालाना सिर्फ छह हजार रुपये दिए जाते हैं। समिति ने इस खर्च पर सवाल उठाए हैं और इसे भेदभावपूर्ण बताया है।

हिन्दू जनजागृति समिति और अन्य संगठनों ने इस मामले पर सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है और कब्र को हटाने की मांग की है। उनका तर्क है कि औरंगजेब की कब्र पर भारी रकम खर्च करना अन्य ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के साथ अन्याय है।

खैर, इस विवाद में मुख्यमंत्री फडणवीस के बयान के बाद अब सरकार की अगली काररवाई पर हर किसी की नजरें टिकी हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले पर राजनीतिक और कानूनी हलचल बढ़ सकती है।

औरंगजेब भारत के लिए आदर्श नहीं : बाबा रामदेव

इस बीच रविवार को नागपुर पहुंचे योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि औरंगजेब भारत के लिए आदर्श नहीं है। वह एक आक्रमणकारी था। उसका पूरा वंश बाहर से आए लुटेरों का था। बाबर भारत का निर्माण करने नहीं आया था।

बाबा रामदेव ने कहा, ‘चाहे वह बाबर हो, उसके वंशज हों, अकबर हो या औरंगजेब, उन्होंने हरम बनाए और हमारी हजारों माताओं, बहनों और बेटियों के साथ अत्याचार किए। उन्होंने हमें लूटा और शोषण किया। हमारे आदर्श छत्रपति शिवाजी महाराज हैं, औरंगजेब नहीं।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code