CJP Parliament March : सीजेपी को नहीं मिली संसद मार्च की अनुमति, दिल्ली पुलिस ने जारी की चेतावनी
नई दिल्ली, 20 जुलाई। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जून से प्रदर्शन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) को बड़ा झटका लगा है। 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च के लिए दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि पार्टी को किसी भी तरह की अनुमति नहीं दी गई है। नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा कि सीजेपी की ओर से संसद मार्च के लिए कोई आवेदन तक प्राप्त नहीं हुआ है। ऐसे में दिल्ली पुलिस ने न तो कोई अनुमति जारी की है और न ही किसी मार्च की इजाजत दी गई है।
उन्होंने बताया कि राजधानी में बीएनएस की धारा 163 लागू है। इसके तहत जंतर-मंतर के निर्धारित विरोध स्थल को छोड़कर पांच या उससे अधिक लोगों का एकत्र होना, विरोध मार्च निकालना या प्रदर्शन करना प्रतिबंधित है। जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन केवल पूर्व अनुमति के आधार पर ही किया जा सकता है।
डीसीपी ने कहा कि 21 जुलाई से संसद का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। इसे देखते हुए संसद और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें, किसी भी अनधिकृत सभा या मार्च में शामिल न हों और राजधानी में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग करें।
गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकालने का ऐलान किया है। इससे पहले जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने मेडिकल आधार पर अस्पताल में भर्ती कराया था। इसके बाद सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने साफ कर दिया है कि बिना अनुमति संसद मार्च की इजाजत नहीं दी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
