गंगोत्री धाम एवं यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा-2025 का शुभारंभ
उत्तरकाशी, 30 अप्रैल। उत्तराखंड में आज अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर गंगोत्री धाम एवं यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा-2025 का शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पवित्र गंगोत्री धाम में पूजा-अर्चना की और गंगोत्री तथा यमुनोत्री धाम के कपाट खोले। उन्होंने यमुनोत्री धाम में यमुनोत्री मंदिर में आरती भी की। कपाटोद्घाटन के सैकड़ों लोग साक्षी बने। इस दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। पीएम मोदी के नाम से दोनों धामों में पहली पूजा हुई।
अब निरंतर छह माह तक गंगोत्री धाम में श्रद्धालु करेंगे मां गंगा के दर्शन
पूर्वाह्न 10 बजकर 30 मिनट के अभिजीत मुहूर्त पर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए गंगोत्री धाम के कपाट खोले गए। कपाटोद्धघाटन मौके पर समूचा गंगोत्री धाम मां गंगे के जयकारो से गूंज उठा। अब निरंतर छह माह तक गंगोत्री धाम में श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन करेंगे।
यमस्वसर्नमस्तेऽसु यमुने लोकपूजिते।
वरदा भव मे नित्यं सूर्यपुत्रि नमोऽस्तु ते।।कपाटोद्घाटन के पावन अवसर पर आज श्री यमुनोत्री धाम पहुंचकर माँ यमुना की सम्पूर्ण विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर संकल्प लेकर आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के नाम से माँ यमुना का… pic.twitter.com/hJXJSygKqh
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) April 30, 2025
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मीडिया से कहा, ‘आज से चार धाम यात्रा का शुभारंभ हो गया है। गंगोत्री, यमुनोत्री के कपाट आज खुल गए हैं। यह यात्रा एक उत्सव की तरह है। सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। हम चाहते हैं कि यात्रा सुरक्षित, सुगम और बिना किसी परेशानी के हो।’
सीएम धामी ने चारधाम यात्रा पर निकलों तीर्थयात्रियों का किया स्वागत
उन्होंने आगे कहा, ‘मैं चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी तीर्थयात्रियों का स्वागत करता हूं। हमारा प्रयास है कि तीर्थयात्रियों को कोई परेशानी न हो, उनकी यात्रा सुगम हो, सुरक्षित हो। हम लगातार निगरानी कर रहे हैं। यह धाम हमारे लिए चहुमुखी विकास करेगा। तीर्थयात्रियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है, इसके लिए हमने सभी इंतजाम कर लिए हैं और लगातार निगरानी जारी है।’
"चारधाम यात्रा – 2025 का भव्य शुभारंभ !"
श्री गंगोत्री धाम पधारे श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से की गई पुष्प वर्षा…#CharDhamYatra2025 pic.twitter.com/BsQRxjzeis
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) April 30, 2025
सरकार हर पहलू से स्थिति पर नजर रख रही
पत्रकारों से बातचीत में धामी ने कहा कि सरकार हर पहलू से स्थिति पर नजर रख रही है और सुनिश्चित कर रही है कि तीर्थयात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सभी धामों में किए गए कामों की वजह से राज्य में तीर्थयात्रा में बढ़ोतरी हुई है। यमुना घाट पर आई आपदा के कारण परिसर के आसपास हुए नुकसान का आकलन करने के लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की जा रही है।

ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में 22 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण
वहीं, स्पेशल ड्यूटी ऑफिसर प्रजापति नटियाल ने बताया कि बुधवार को चार धाम यात्रा 2025 शुरू होने के बाद, ऋषिकेश के ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में 22 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने तीर्थयात्रा के लिए पंजीकरण कराया और अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। नटियाल के अनुसार, तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं।
पतितपावनी माँ गंगा की सम्पूर्ण विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं भारत की उन्नति हेतु प्रार्थना की।
जय माँ गंगे !
हर-हर गंगे !#CharDhamYatra2025 pic.twitter.com/NMzhfuvDG2— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) April 30, 2025
यात्रा के लिए ऑफलाइन पंजीकरण हरिद्वार में भी हो रहा
इसके अलावा, यात्रा के लिए ऑफलाइन पंजीकरण सोमवार को हरिद्वार में शुरू हो चुके हैं। जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि दिव्यांगों, वरिष्ठ नागरिकों और विदेशी नागरिकों के लिए विशेष पंजीकरण काउंटर स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 20 नि:शुल्क पंजीकरण काउंटर भी स्थापित किए गए हैं।
