1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. आंध्र प्रदेश : चंद्रबाबू नायडू ने चौथी बार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, पवन कल्याण बने डिप्टी CM
आंध्र प्रदेश : चंद्रबाबू नायडू ने चौथी बार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, पवन कल्याण बने डिप्टी CM

आंध्र प्रदेश : चंद्रबाबू नायडू ने चौथी बार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, पवन कल्याण बने डिप्टी CM

0
Social Share

विजयवाड़ा, 12 जून। तेलुगु देशम पार्टी (TDP) प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को चौथी बार आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया। आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर ने विजयवाड़ा के बाहरी इलाके केसरपल्ली में गन्नावरम हवाई अड्डे के सामने मेधा आईटी पार्क के पास आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री नायडू एवं 24 अन्य मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

जनसेना पार्टी प्रमुख पवन कल्याण ने बतौर उप मुख्यमंत्री शपथ ली। सीएम और डिप्टी सीएम के अलावा टीडीपी के राष्ट्रीय महासचिव और चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश ने भी आंध्र प्रदेश सरकार में मंत्री पद की शपथ ली।

शपथ समारोह में पीएम मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने की शिरकत

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शिरकत की। पीएम मोदी के अलावा केंद्रीय मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, रामदास अठावले, अनुप्रिया पटेल, चिराग पासवान, महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे, एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल और पूर्व उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू भी शामिल हुए। साउथ सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत और पद्म विभूषण से सम्मानित एक्टर चिरंजीवी ने भी समारोह में शिरकत की।

पीठापुरम विधानसभा क्षेत्र से जीतने वाले पवन कल्याण को चंद्रबाबू कैबिनेट में डिप्टी सीएम बनाया गया है। पवन कल्याण ने अपने बड़े भाई चिरंजीवी के साथ मिलकर राजनीतिक यात्रा शुरू की थी। चिरंजीवी ने 2008 में प्रजा राज्यम पार्टी की स्थापना की थी। हालांकि, अपने भाई द्वारा प्रजा राज्यम पार्टी का कांग्रेस में विलय करने के बाद वह राजनीति में बहुत सक्रिय नहीं रहे। बाद में पवन कल्याण ने 2014 में जनसेना पार्टी की स्थापना की थी।

भगवान वेंकटेश्वर का दर्शन करने तिरुमला जाएंगे नायडू

चंद्रबाबू नायडू शपथ लेने के बाद आज ही तिरुमला जाएंगे और वहां भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। मंदिर प्रबंधन सूत्रों के अनुसार नायडू शपथग्रहण के बाद अपने परिवार के सदस्यों के साथ आज शाम तिरुमला पहुंचेंगे। वहां रात्रि विश्राम के बाद वह सुबह सबसे पहले भू-वराह स्वामी मंदिर जाएंगे और उसके बाद भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। दर्शन-पूजन के बाद वह रेनीगुंटा हवाई अड्डे से विजयवाड़ा के लिए रवाना होंगे।

उल्लेखनीय है कि चंद्रबाबू को मंगलवार को सर्वसम्मति से एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया। वह पहली बार 1995 में मुख्यमंत्री बने और 2004 तक लगातार नौ वर्षों तक अविभाजित आंध्र प्रदेश का नेतृत्व संभाला। इसके बाद वह 2014 में नये विभाजित आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में सत्ता में लौटे और 2019 तक इस पर रहे।

आंध्र प्रदेश विधानसभा में विधायकों की कुल संख्या 175 है। इसके हिसाब से मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 26 मंत्री हो सकते हैं। आंध्र प्रदेश में एनडीए में टीडीपी, भाजपा और जनसेना शामिल हैं। इस चुनाव में एनडीए ने 164 सीटों पर जीत हासिल की है।

आंध्र प्रदेश के नए कैबिनेट मंत्रियों की सूची

  1. कोनीडेल पवन कल्याण
  2. किंजरापु अच्छे नायडू
  3. कुल्लु रविन्द्र
  4. नादेन्दल मनोहर
  5. पी.नारायण
  6. वंगलपुडी अनिता
  7. सत्यकुमार यादव
  8. निम्मल रामानायडु
  9. एन.एम.डी.फारुक
  10. अनम रामनारायण रेड्डी
  11. पयावल्लु केशव
  12. अंगनी सत्यप्रसाद
  13. कुलुसु पार्थसारधी
  14. डोला बलवीरंजनेय स्वामी
  15. गुट्टीपट्टी रवि
  16. कंदुल दुर्गेश
  17. गुम्मडी संध्या
  18. बीसी जनार्दन रेड्डी
  19. टीजी भरत
  20. अस.सवित्थम
  21. वसंतमशेट्टी सुभाष
  22. कुण्डपल्ली श्रीनिवास
  23. मण्डीपल्ली राम प्रसाद
  24. नारा लोकेश

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code