1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. यूपी चुनाव : चौथे चरण का प्रचार थमा, योगी सरकार के 2 मंत्रियों की प्रतिष्ठा भी दांव पर
यूपी चुनाव : चौथे चरण का प्रचार थमा, योगी सरकार के 2 मंत्रियों की प्रतिष्ठा भी दांव पर

यूपी चुनाव : चौथे चरण का प्रचार थमा, योगी सरकार के 2 मंत्रियों की प्रतिष्ठा भी दांव पर

0
Social Share

लखनऊ, 21 फरवरी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तहत  चौथे चरण का प्रचार अभियान सोमवार की शाम छह बजे थम गया। इस चरण में 23 फरवरी को नौ जिलों – पीलीभीत, खीरी, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, बांदा और फतेहपुर की 59 विधानसभा सीटों पर मतदान कराया जाना है। इनमें अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित 16 सीटें शामिल हैं।

2.12 करोड़ मतदाता 624 उम्मीदवारों के भाग्य का करेंगे फैसला

चौथे चरण में चौथे चरण में 2.12 करोड़ से ज्यादा कुल 2,12,90,564 मतदाता 624 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदाताओं में 1,14,03,306 पुरुष, 98,86,286 एवं 972 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। सवाजपुर सीट पर सबसे ज्‍यादा 15  जबकि पलिया और सेवाता सीट सहित दो सीटों पर सबसे कम छह – छह उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चरण में 13,813 मतदान केंद्रों के 24,581 मतदेय स्थलों पर मतदान की तैयारियां चुनाव आयोग ने पूरी कर ली हैं।

लखनऊ से जोर आजमा रहे ब्रजेश पाठक और आशुतोष टंडन

इस चरण में योगी सरकार के दो मंत्रियों की भी प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। कानून मंत्री ब्रजेश पाठक, लखनऊ कैंट सीट पर और नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन लखनऊ पूर्व सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर सपा के अनुराग भदौरिया उन्हें चुनौती दे रहे हैं। लखनऊ की ही सरोजनी नगर सीट से पूर्व प्रशासनिक अधिकारी राजेश्वर सिंह भाजपा के उम्मीदवार हैं। इस सीट पर उनका मुकाबला सपा के अभिषेक मिश्रा कर रहे हैं।

इसी क्रम में सपा ने मोहनलालगंज से पूर्व सांसद सुशीला सरोज को मलीहाबाद सीट से उतारा है। चौथे चरण के अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में रायबरेली सदर सीट से अदिति सिंह भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। हरचंदपुर सीट पर सपा ने भाजपा के बागी राकेश सिंह को उतारा है। वहीं, सपा से भाजपा में आए विधान परिषद के उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल हरदोई सीट से चुनाव मैदान में हैं।

राजनीतिक दलों की अब पूर्वांचल में दस्तक

देखा जाए तो पहले तीन चरणों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड में चुनाव होने के बाद अब मतदान की प्रक्रिया चौथे चरण में अवध क्षेत्र से होते हुए पांचवें, छठे व सातवें चरण में पूर्वांचल के इलाकों में दस्तक देगी। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस सहित अन्य दलों ने प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक दी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गृह मंत्री अमित शाह के अलावा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश के निर्वाचन वाले इलाकों में धुंआधार प्रचार कर रहे हैं। चौथे चरण के प्रचार के अंतिम दिन गृह मंत्री अमित शाह का पीलीभीत, महोली और बाराबंकी में कार्यक्रम था।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code