1. Home
  2. हिन्दी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. ब्रिटिश शाही परिवार में मचा हड़कंप : किंग्स चार्ल्स के भाई एंड्रयू गिरफ्तार, एपस्टीन फाइल्स में भी आ चुका है नाम
ब्रिटिश शाही परिवार में मचा हड़कंप : किंग्स चार्ल्स के भाई एंड्रयू गिरफ्तार, एपस्टीन फाइल्स में भी आ चुका है नाम

ब्रिटिश शाही परिवार में मचा हड़कंप : किंग्स चार्ल्स के भाई एंड्रयू गिरफ्तार, एपस्टीन फाइल्स में भी आ चुका है नाम

0
Social Share

लंदन, 19 फरवरी। ब्रिटेन की शाही परिवार में उस समय हड़कंप मच गया, जब किंग चार्ल्स III के भाई और पूर्व प्रिंस एंड्रयू को सार्वजनिक पद के दुरुपयोग के शक में गिरफ्तार कर लिया गया। यह काररवाई कुख्यात फाइनेंसर और सेक्स अपराधी जेफरी एपस्टीन से उनके कथित संबंधों की जांच के बीच हुई है।

टेम्स वैली पुलिस ने बयान जारी कर बताया कि नॉरफोक के एक 60 वर्षीय व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। हालांकि, नाम नहीं लिया गया, लेकिन जांच 2010 में एपस्टीन को कथित रूप से व्यापार से जुड़ी गोपनीय रिपोर्ट भेजे जाने के आरोपों से जुड़ी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जा रही है।

प्रधानमंत्री स्टार्मर की प्रतिक्रिया

वहीं ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस मामले पर पहली प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। उन्होंने दोहराया कि एंड्रयू को अमेरिकी कांग्रेस के सामने गवाही देनी चाहिए।

गिरफ्तारी की खबर ऐसे समय आई है जब एंड्रयू पहले ही अपना विंडसर स्थित घर छोड़कर नॉरफोक के सैंड्रिंघम एस्टेट में शिफ्ट हो चुके हैं। वह 20 वर्षों से ज्यादा समय तक विंडसर एस्टेट के 30 कमरों वाले रॉयल लॉज में रह रहे थे।

अमेरिका से आए नए दस्तावेज

हाल ही में US डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस ने एपस्टीन से जुड़े करीब 30 लाख पन्नों के दस्तावेज जारी किए। एपस्टीन ने 2019 में जेल में आत्महत्या कर ली थी, जब वह नाबालिग लड़कियों की तस्करी के आरोपों में मुकदमे का इंतजार कर रहा था।

US डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस की ओर से जारी फाइलों में कथित ईमेल सामने आए हैं, जिनमें एंड्रयू की ओर से सिंगापुर, हांगकांग और वियतनाम यात्राओं से जुड़ी जानकारी साझा करने की बात कही गई है। कुछ तस्वीरों में भी उन्हें एपस्टीन के न्यूयॉर्क स्थित घर में संदिग्ध परिस्थितियों में देखा गया।

पुराने आरोप फिर चर्चा में

एपस्टीन की पीड़िता रहीं वर्जीनिया गिफ्रे ने पहले आरोप लगाया था कि 17 वर्ष की उम्र में उनके साथ संबंध बनाए गए थे। एपस्टीन की सहयोगी घिसलेन मैक्सवेल के एक ईमेल में एंड्रयू और गिफ्रे की तस्वीर भी बताई गई थी। दस्तावेजों में यह भी दावा है कि एपस्टीन ने एक 26 वर्षीय रूसी महिला से एंड्रयू की मुलाकात करवाई थी। हालांकि, एंड्रयू ने सभी आरोपों से इनकार किया है और तस्वीरों की असलियत पर सवाल उठाए हैं।

शाही परिवार में चिंता

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी कैथरीन ने इन खुलासों पर गहरी चिंता जताई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच आगे क्या मोड़ लेती है और क्या यह मामला ब्रिटेन की राजशाही के लिए और बड़ी मुश्किलें खड़ी करेगा।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code