एशियाई खेल : मुक्केबाज अंकुश पंघाल ने खत्म किया 8 वर्षों का इंतजार, 80 किग्रा वर्ग के फाइनल में पहुंचे

नागोया, 29 सितम्बर। मुक्केबाज अंकुश पंघाल ने यहां 20वें एशियाई खेलों (Aichi-Nagoya 2026) की मुक्केबाजी स्पर्धा में मंगलवार को 80 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में प्रवेश के साथ ही जहां भारत का आठ वर्षों से जारी इंतजार खत्म किया वहीं परवीन हुड्डा ने शानदार जीत के साथ महिलाओं के 65 किलोग्राम वर्ग में खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। लेकिन नरेंदर बेरवाल को 90 किलोग्राम से अधिक वर्ग के सेमीफाइनल में बाहर होने के बाद अब कांस्य पदक से संतोष करना पड़ेगा।

अंकुश ने उज्बेकी मुक्केबाजी को बाहर किया

अंकुश ने निशियो जिम्नेजियम में खेली गई सेमीफाइनल बाउट में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 75 किलोग्राम भार वर्ग के मौजूदा विश्व चैंपियन उज्बेकिस्तानी मुक्केबाज फजलुद्दीन एरकिनबोएव को 4-1 के फैसले से शिकस्त दी। आठ वर्षों में यह पहला अवसर था, जब किसी भारतीय मुक्केबाज ने फाइनल में जगह बनाई। अंकुश की अब स्वर्ण पक के लिए कोरिया मुक्केबाज किम मिनसियोंग से टक्कर होगी।

परवीन 65 किलो वर्ग के फाइनल में ताइपे की मुक्केबाज को चुनौती देंगी

वहीं परवीन ने 65 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में चीन के ली शू को एकदम नहीं टिकने दिया और 5-0 के एकतरफा फैसले से जीत हासिल की। परवीन की अब चीनी ताइपे की मुक्केबाज चेन निएन-चिन से खिताबी टक्कर होगी।

90+किलो वर्ग में विश्व चैम्पियन आइबेक से हारे बेरवाल

लेकिन अनुभवी मुक्केबाज बेरवाल को 90+ भार वर्ग के सेमीफाइनल में कजाखस्तान के मौजूदा सुपर हैवीवेट विश्व चैम्पियन आइबेक ओरलबाय के खिलाफ 0-5 से हार का सामना करना पड़ा। नरेंदर ने तीन वर्ष पूर्व हांगझू एशियाई खेलों में भी कांस्य पदक जीता था।

लवलीना सहित 3 मुक्केबाज बुधवार को सेमीफाइनल में उतरेंगे

फिलहाल बुधवार को भारत के तीन और मुक्केबाज फाइनल में प्रवेश की उम्मीदों के साथ उतरेंगे। इनमें पुरुष वर्ग के 90 किलो भार वर्ग में कपिल पोखरिया जबकि महिलाओं के 60 किलो भार वर्ग में प्रिया और 75 किलो भार वर्ग में ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन शामिल हैं।

कतर पर मैराथन जीत से पुरुष वॉलीबॉल टीम क्वार्टर फाइनल में

अन्य स्पर्धाओं की बात करें तो भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम ने कतर को कड़े मुकाबले में 3-2 से हराकर लगातार तीसरी जीत से क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। पूल सी के मैराथन मुकाबले में भारत ने दो सेट से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए कतर को 26-28, 25-27, 25-23, 25-20, 24-22 से हराया। मुकाबला दो घंटे 47 मिनट तक चला।

चारों क्वार्टर फाइनल मुकाबले गुरुवार को खेले जाएंगे। भारत ने इससे पहले अपने शुरुआती दो मैच में वियतनाम को 3-0 (25-23, 25-21, 25-20) और हांगकांग चीन को 3-0 (25-22, 25-19, 25-21) से हराया था।

तीरंदाज नीरज, धीरज व कुमकुम क्वार्टर फाइनल में

तीरंदाजी में नीरज चौहान, धीरज बोम्मदेवरा व कुमकुम मोहोद अनिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। क्वार्टर फाइनल में धीरज का सामना तीन अक्टूबर को उज्बेकिस्तान के अमिरखोन सादिकोव से होगा जबकि नीरज चौहान भूटान के लाम दोरजी के खिलाफ उतरेंगे। उसी दिन महिला वर्ग में कुमकुम की कोरियाई तीरंदाज कांग चाएयंग से मुलाकात होगी।

नीरज ने तीन बार के ओलम्पिक चैम्पियन किम को चौंकाया

ओकाजाकी चुओ सोगो मल्टीपरपज स्क्वॉएर में उतरे नीरज ने प्री-क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया के 22 वर्षीय किम जे डिओक को 6-4 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। किम तीन बार के ओलम्पिक स्वर्ण पदक विजेता हैं। नीरज ने मुकाबला 30-28, 29-29, 29-30, 29-29, 29-27 के स्कोर से अपने नाम किया। धीरज ने चीनी ताइपे के चेंग ह्सियांग-हुई को 6-2 (29-27, 27-28, 30-28, 29-28) स्कोर से जीत दर्ज की। वहीं कुमकुम ने बांग्लादेशी साइमा उडिन सलाह को 6-0 (29-26, 28-26, 27-26) से परास्त किया।

महिला स्क्वाश टीम अंतिम 8 में

भारतीय महिला स्क्वॉश टीम ने ग्रुप चरण के अपने आखिरी मुकाबले में ईरान को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। क्वार्टर फाइनल में भारत का सामना बुधवार को सिंगापुर से होगा।

टेनिस : दक्षिणेश्वर सुरेश का अभियान शुरू

टेनिस में दक्षिणेश्वर सुरेश ने पुरुष एकल में जीत से शुरुआत करते हुए अंतिम 16 में जगह बनाई। पहले दौर में बाई हासिल करने वाले दक्षिणेश्वर ने इंडोनेशिया के गुनावन त्रिस्मुवंतारा को 7-5 7-6 (2) से हराया।

साइकिलिंग व कुराश में भारत का अभियान समाप्त

साइकिलिंग में भारतीय पुरुष और महिला टीम क्रमश: स्प्रिंट स्पर्धा और टीम परसूट प्रतियोगिता में पदक की दौड़ से बाहर हो गईं। कुराश में विपिन कुमार की हार के साथ भारत का अभियान पुरुषों के 66 किलोग्राम वर्ग में समाप्त हो गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular