1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. ICC टी20 विश्व कप : ईशान किशन के तूफानी पचासे के बाद गेंदबाज दहाड़े, पाकिस्तान को रौंद टीम इंडिया सुपर 8 में
ICC टी20 विश्व कप : ईशान किशन के तूफानी पचासे के बाद गेंदबाज दहाड़े, पाकिस्तान को रौंद टीम इंडिया सुपर 8 में

ICC टी20 विश्व कप : ईशान किशन के तूफानी पचासे के बाद गेंदबाज दहाड़े, पाकिस्तान को रौंद टीम इंडिया सुपर 8 में

0
Social Share

कोलंबो, 15 फरवरी। सूर्यकुमार यादव की टीम इंडिया ने रविवार की रात कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को पास फटकने की नौबत ही नहीं आने दी और एकतरफा मुकाबले में उसे 61 रनों से धोकर रख दिया। संयुक्त मेजबानों ने इसके साथ ही ICC टी20 विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट के ग्रुप ए में लगातार तीसरी जीत के साथ सुपर 8 का टिकट भी कटा लिया।

किशन ने ठोके 77 रन, भारत 175 रनों तक पहुंचा

सिक्के की उछाल गंवाने वाली भारतीय टीम ने एक बार फिर प्रतिद्वंद्वियों से हाथ नहीं मिलाया। वहीं ओपनर ईशान किशन (77 रन, 40 गेंद, तीन छक्के, 10 चौके) के तूफानी पचासे एवं अन्य बल्लेबाजों की उपयोगी पारियों से सूर्या एंड कम्पनी ने सात विकेट पर 175 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

पंड्या, बुमराह, वरुण व अक्षर एंड कम्पनी के सामने पाक 114 रनों पर धराशायी

जवाब में हार्दिक पंड्या (2-16), जसप्रीत बुमराह (2-17), अक्षर पटेल (2-29) व वरुण चक्रवर्ती (2-17) एंड कम्पनी ने शुरुआत से ही ऐसी लाइन लगाई कि पाकिस्तानी टीम 18 ओवरों में 114 रनों तक जाकर धराशायी हो गई। उस्मान खान (44 रन, 34 गेंद, एक छक्का, छह चौके) सर्वोच्च स्कोरर रहे। उनके अलावा सिर्फ शाहीन शाह अफरीदी (नाबाद 23 रन, 19 गेंद, एक छक्का, दो चौके) ही 20 का आंकड़ा पार कर सके। कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने भी एक-एक सफलता हासिल की।

रनों के लिहाज से पाक पर सबसे बड़ी जीत से भारत ग्रुप में शीर्षस्थ

भारत की पाकिस्तान के खिलाफ रनों के लिहाज से यह सबसे बड़ी जीत है। दिलचस्प तथ्य यह है कि टी20 विश्व कप में यह भारत की पाकिस्तान के खिलाफ नौ मैचों में आठवीं जीत है जबकि उसे सिर्फ एक मैच में हार का सामना करना पड़ा है। इसी क्रम में भारत ने पांच टीमों के ग्रुप में लगातार तीसरी जीत से अधिकतम छह अंकों के साथ अपना शीर्ष क्रम बरकरार रखा है। शुरुआती दो मैचों में उसने क्रमशः अमेरिका व नामिबाया को मात दी थी। अब वह 18 फरवरी को नीदरलैंड्स से अहमदाबाद में खेलकर औपचारिकता पूरी करेगा।

पाक टीम अमेरिका से पिछड़कर तीसरे स्थान पर खिसकी

वहीं पाकिस्तान तीन मैचों में दूसरी हार के बाद अमेरिका के बराबर चार अंकों के बावजूद कमजोर नेट रन रेट के चलते तीसरे स्थान पर खिसक गया है। पूर्व के दो मैचों में पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स व अमेरिका को हराया था। दूसरी तरफ अमेरिका आज दिन में अपने चौथे व अंतिम मैच में नामीबिया को हराकर दूसरी जीत दर्ज की।

स्कोर कार्ड

भारतीय पारी की बात करें तो पेट के संक्रमण से उबरने के बाद एकादश में लौटे ओपनर अभिषेक शर्मा उम्मीदों के विपरीत फिर नहीं चल सके और खाता खोले बिना पहले ही ओवर की अंतिम गेंद पर विपक्षी कप्तान सलमान अली आगा (1-10) के शिकार हो गए। उन्हें शाहीन शाह अफरीदी ने मिड ऑन में कैच किया। अभिषेक अब तक दोनों मैचों में खाता खोलने में नाकाम रहे हैं।

किशन व तिलक ने सिर्फ 46 गेंदों पर ठोक दिए 87 रन

फिलहाल ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ किशन ने स्पिन की अनुकूल पिच पर न सिर्फ धाकड़ पचासा जड़ा वरन तिलक वर्मा (25 रन, 24 गेंद, एक छक्का, दो चौके) के साथ दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 46 गेंदों पर 87 रन ठोक दिए। वहीं कप्तान सूर्या (32 रन, 29 गेंद, तीन चौके) और शिवम दुबे (27 रन, 17 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं।

पाकिस्तानी स्पिनर्स ने फेंके 20 में 18 ओवर

हालांकि 27 गेंदों पर लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा करने वाले ईशान को छोड़ अन्य बल्लेबाजों को बड़े शॉट खेलने के लिए संघर्ष करना पड़ा। रिंकू सिंह (नाबाद 11, चार गेंद) ने पारी के अंतिम ओवर में शाहीन की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ भारत का स्कोर 170 रनों के पार पहुंचाया। गौर करने वाली बात यह रही कि पाकिस्तान ने 18 ओवर अपने स्पिनरों से कराए, लेकिन इसका उसे खास फायदा नहीं मिला। इनमें सईम अयूब (3-25) सबसे सफल गेंदबाज रहे। पेसर शाहीन ने दो ओवरों में 31 रन लुटाए और उन्हें एक विकेट मिला।

नेपाल को नौ विकेट से पस्त कर वेस्टइंडीज ग्रुप सी से सुपर 8 में

भारत-पाकिस्तान भिड़ंत के पहले दिन में खेले गए दो अन्य मैचों में वेस्टइंडीज व अमेरिका ने जीत हासिल की। वेस्टइंडीज मुंबई में नेपाल को नौ विकेट से हराकर ग्रुप सी से सुपर 8 में जगह पक्की कर ली। नेपाल को 8-133 पर समेटने के बाद कैरेबियाई टीम ने 15.2 ओवरों में एक विकेट पर 134 रन बनाए। ग्रुप में वेस्टंडीज लगातार तीसरी जीत से शीर्ष पर है जबकि इंग्लैंड दो जीत व एक पराजय के बाद चार अंक लेकर दूसरे स्थान पर है।

अमेरिका ने नामीबिया को 31 रनों से शिकस्त दी

उधर अमेरिका ने चेन्नई में नामीबिया को 31 रनों से हराकर ग्रुप ए में दूसरी जीत हासिल की। अमेरिका ने चार विकेट पर 199 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा करने के बाद नामीबियाई टीम को छह विकेट पर 168 रनों तक पहुंचने दिया। अमेरिका अब अपने चारों मैच खेल कर दो जीत से चार अंक लेकर ग्रुप में दूसरे स्थान पर है जबकि भारत से हार के बाद पाकिस्तान तीसरे स्थान पर जा पिछड़ा है। नामीबिया तीन मैचों के बाद खाता नहीं खोल सका है।

 

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code