1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : लगातार दूसरे दिन गेंदबाजों की दुर्दशा, MI ने KKR के 221 रनों का लक्ष्य बौना साबित किया
आईपीएल-19 : लगातार दूसरे दिन गेंदबाजों की दुर्दशा, MI ने KKR के 221 रनों का लक्ष्य बौना साबित किया

आईपीएल-19 : लगातार दूसरे दिन गेंदबाजों की दुर्दशा, MI ने KKR के 221 रनों का लक्ष्य बौना साबित किया

0
Social Share

मुंबई, 29 मार्च। भारतीय खेल जगत के सर्वाधिक रोमांचक क्रिकेट महोत्सव यानी टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) में लगातार दूसरे दिन गेंदबाजों की दुर्दशा देखने को मिली। इस क्रम में रनों की बारिश के बीच पांच बार के पूर्व चैम्पियन मुंबई इंडियंस (MI) ने रविवार की रात घरेलू दर्शकों के सामने तीन बार के पूर्व विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के 221 रनों का लक्ष्य भी बौना साबित कर दिया और पांच गेंदों के शेष रहते छह विकेट की धाकड़ जीत हासिल कर ली।

रहाणे व अंगकृष ने केकेआर को 220 रनों तक पहुंचाया था

वानखेड़े स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य केकेआर ने कप्तान अजिंक्य रहाणे (67 रन, 40 गेंद, पांच छक्के, तीन चौके) व अंगकृष रघुवंशी (51 रन, 29 गेंद, दो छक्के, छह चौके) के त्वरित पचासों के सहारे चार विकेट पर ही 220 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था।

मुंबई की जीत में रिकेल्टन-रोहित की धुआंधार शतकीय भागीदारी

लेकिन मुंबई इंडियंस को ओपनरद्वय रियान रिकेल्टन (81 रन, 43 गेंद, आठ छक्के, चार चौके) व पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (78 रन, 38 गेंद, छह छक्के, छह चौके) ने ऐसी जबर्दस्त शुरुआत दी कि पूछिए ही मत। इन दोनों के बीच 72 गेंदों पर 148 रनों धुआंधार शतकीय भागीदारी का ही नतीजा था कि मेजबानों ने कुछ विकेट गिरने के बावजूद 19.1 ओवरों में चार विकेट पर 224 रन बना लिए।

मुंबई इंडियंस ने 14 वर्षों बाद जीत के साथ की शुरुआत

खास बात तो यह है कि मुंबई इंडियंस ने 2012 के बाद पहली बार आईपीएल के किसी सत्र में जीत के साथ शुरुआत की। दूसरे शब्दों में कहें तो 14 वर्षों में यह पहला मौका है, जब मुंबई इंडियन ने सत्र का अपना पहला मैच जीता। इसी क्रम में मुंबइया टीम ने आईपीएल में सामने पड़े अपने सबसे बड़े लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया।

सूर्यकुमार यादव इम्पैक्ट खिलाड़ी के तौर पर उतरे

दिलचस्प यह रहा कि मुंबई इंडियंस ने इस मैच में टी20 विश्व कप विजेता टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव को इम्पैक्ट खिलाड़ी के तौर पर उतारा, लिहाजा रिकेल्टन व रोहित ने पारी की शुरुआत की। लेकिन दोनों ने शुरुआत से ही रफ्तार पकड़ ली और विपक्षी गेंदबाजों पर कड़े प्रहार करते हुए पॉवरप्ले में ही 80 रन जोड़ दिए।

स्कोर कार्ड

आईपीएल में 50वीं फिफ्टी जड़ने वाले रोहित शर्मा अंततः 12वें ओवर में वैभव अरोड़ा (1-52) के शिकार बने तो सूर्या (16 रन, आठ गेंद, तीन चौके) को कार्तिक त्यागी (1-43) ने ज्यादा दूर नहीं जाने दिया। उधर रिकेल्टन शतक से तनिक दूर रह गए और 16वें ओवर में रन आउट हो गए। इसके बाद तिलक वर्मा (20 रन, 14 गेंद, चार चौके) और कप्तान हार्दिक पंड्या (नाबाद 18 रन, 11 गेंद, तीन चौके) 31 रनों की साझेदारी से टीम को मंजिल के करीब पहुंचा दिया। हालांकि तिलक को 19वें ओवर में सुनील नराइन (1-30) में लौटा दिया। लेकिन अंतिम ओवर में अनुकूल रॉय की पहली ही गेंद पर नमन धीर (नाबाद पांच रन, दो गेंद, एक चौके) ने विजयी चौका जड़ दिया।

रहाणे व फिन एलेन ने पहले विकेट पर जोड़े 69 रन

इसके पूर्व केकेआर का पारी में रहाणे ने मोर्चा संभाला। उन्होंने फिन एलेन (37 रन,17 गेंद, दो छक्के, छह चौके) संग 32 गेंदों पर 69 रन जोड़े। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ शार्दुल ठाकुर (3-39) ने छठे ओवर में एलन को लौटाकर पहली सफलता पाई तो रहाणे ने कैमरन ग्रीन (18 रन, 10 गेंद, एक छक्का, एक चौका) के साथ मिलकर स्कोर नौवें ओवर में 109 रन पहुंचा दिया।

रघुवंशी व रिंकू के बीच 60 रनों की साझेदारी

उसके बाद अग्निकृष रघुवंशी (51 रन, 29 गेंद, दो छक्के, छह चौके) ने आक्रमण की जिम्मेदारी संभाल ली। 14वें ओवर में ठाकुर ने रहाणे के रूप में अपना तीसरा शिकार किया (3-145)। फिलहाल रघुवंशी ने रिंकू सिंह (नाबाद 33 रन, 21 गेंद, चार चौके) के साथ 30 गेंदों पर ही 60 रनों की साझेदारी से दल को 200 के पार पहुंचा दिया। हालांकि बाद में यह स्कोर भी मुंबई के सामने फीका पड़ गया।

सोमवार का मैच : राजस्थान रॉयल्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (गुवाहाटी, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code