1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. यूपी : बांदा में 30-35 लोगों से भरी नाव यमुना में डूबी, 4 के शव मिले, 8 तैरकर बचे, अन्य लोगों की तलाश जारी
यूपी : बांदा में 30-35 लोगों से भरी नाव यमुना में डूबी, 4 के शव मिले, 8 तैरकर बचे, अन्य लोगों की तलाश जारी

यूपी : बांदा में 30-35 लोगों से भरी नाव यमुना में डूबी, 4 के शव मिले, 8 तैरकर बचे, अन्य लोगों की तलाश जारी

0
Social Share

बांदा, 11 अगस्त। उत्तर प्रदेश के बांदा में गुरुवार की दोपहर बड़ा हादसा हो गया, जब मर्का थाना क्षेत्र में यमुना नदी की बीच धारा में एक नाव डूब गई। नाव पर 30 से अधिक लोग सवार थे। इनमें लोग किसी तरह तैरकर निकल आए जबकि चार लोगों के शव मिले हैं। नाव और बाकी लोगों का कोई पता नहीं चला है। उनकी तलाश में ऑपरेशन चलाया रहा है।

एसडीआरएफ की टीमों के साथ स्थानीय गोताखोर लोगों की तलाश में लगाए गए हैं। तैर कर बचे लोगों के अनुसार नाव में सवार अन्य सभी की मौत की आशंका है। बताया जा रहा है कि रक्षाबंधन के कारण बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे नाव पर सवार थे। सीएम योगी ने भी हादसे का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को मौके पर भेजा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मर्का से फतेहपुर, प्रयागराज लोग यमुना नदी पारकर आते-जाते हैं। उनके आवागमन का एकमात्र साधन नाव है। 30 से 40 सवार लोग एक बार नदी के एक ओर से दूसरी ओर ले जाए जाते हैं। गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे मर्का से नाव में 30 से अधिक लोग सवार होकर फतेहपुर की ओर जा रहे थे। पानी का बहाव तेज होने से नाव बीच मझधार में अनियंत्रित होकर पलट गई। सूचना पर डीएम, एसपी सहित आलाधिकारी मौके पर पहुंचे।

तेज हवा से नाव डगमगाई और डूब गई

पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि करीब 30-35 लोगों से भरी नौका फतेहपुर जिले के जरौली घाट जा रही थी, तभी बीच जलधारा में तेज हवा का झोंका आने से नौका डगमगा कर पलट गई। अंतिम समाचार मिलने तक चार लोगों के शव नदी से निकाले जा चुके थे, जिनकी शिनाख्‍त की कोशिश की जा रही है। अधिकारी ने बताया कि करीब आठ लोग तैरकर बाहर आ गए जबकि कम से कम 20 अन्‍य लापता हैं। गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश की जा रही है। जिले के सभी अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और बचाव कार्य जारी है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code