BNP प्रमुख तारिक रहमान ने बांग्लादेश के पीएम पद की ली शपथ, 25 मंत्रियों और 24 राज्य मंत्रियों को नई कैबिनेट में जगह

ढाका, 17 फरवरी। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के चेयरमैन तारिक रहमान ने मंगलवार को जातीय संसद भवन के साउथ प्लाजा में हुए एक समारोह में बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने स्थानीय समयानुसार अपराह्न करीब 4.15 बजे उन्हें शपथ दिलाई।

दरअसल, बांग्लादेश को कई वर्षों के बाद कोई पुरुष पीएम मिला है। इसके पहले तारिक रहमान की मां दिवंगत बेगम खालिदा जिया और अगस्त, 2024 में तख्ता पलट के बाद देश छोड़ भारत में शरण लेने वालीं अवामी लीग की प्रमुख शेख हसीना ने दशकों तक देश की सत्ता संभाली है।

नेशनल पार्लियामेंट कॉम्प्लेक्स के साउथ प्लाजा में 1,200 मेहमानों की उपस्थिति रही

यह समारोह नेशनल पार्लियामेंट कॉम्प्लेक्स के साउथ प्लाजा में हुआ, जिसमें भारत की लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला सहित करीब 1,200 मेहमान उपस्थित थे। तारिक रहमान के साथ 25 बीएनपी सांसदों ने कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली जबकि 24 नवनिर्वाचित सांसदों ने राज्य मंत्री के तौर पर शपथ ली।

उल्लेखनीय है कि हालिया 13वें आम चुनाव में बीएनपी ने 297 में से 209 सीटें जीतकर दो तिहाई से ज्यादा बहुमत हासिल किया। राइट-विंग जमात-ए-इस्लामी ने 68 सीटें जीतीं। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की लीडरशिप वाली अवामी लीग को चुनाव लड़ने से रोक दिया गया था।

इससे पहले दिन में, चीफ इलेक्शन कमिश्नर एएमएम नासिरुद्दीन ने 13वीं जातीय संसद के सभी 297 नए चुने गए सदस्यों को शपथ दिलाई। पार्लियामेंट्री सेक्रेटेरिएट की एक रिलीज के अनुसार सांसदों ने पहले मेंबर ऑफ पार्लियामेंट और उसके बाद कॉन्स्टिट्यूशनल रिफॉर्म काउंसिल के मेंबर के तौर पर शपथ ली।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular