1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. झारखंड के सीएम सोरेन की ‘गुमशुदगी’ पर भाजपा का तंज – मुख्यमंत्री को खोजकर लाने वाले को मिलेगा 11 हजार का ईनाम
झारखंड के सीएम सोरेन की ‘गुमशुदगी’ पर भाजपा का तंज – मुख्यमंत्री को खोजकर लाने वाले को मिलेगा 11 हजार का ईनाम

झारखंड के सीएम सोरेन की ‘गुमशुदगी’ पर भाजपा का तंज – मुख्यमंत्री को खोजकर लाने वाले को मिलेगा 11 हजार का ईनाम

0
Social Share

रांची, 30 जनवरी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जमीन  घोटाला और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ करना चाहता है, लेकिन बीते 24 घंटे से हेमंत सोरेन कहां पर हैं, इसकी जानकारी नहीं मिल रही है। ऐसे में विपक्षी भाजपा ने हेमंत सोरेन और सत्ताधारी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएएम) पर निशाना साधा है। भाजपा ने हेमंत सोरेन को भगोड़ा करार दिया है और आरोप लगाया है कि उन्होंने राज्य की इज्जत को मिट्टी में मिला दिया है।

भाजपा ने किया ईनाम का एलान

झारखंड भाजपा के प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने सीएम सोरेन को तलाशने पर 11 हजार रुपये ईनाम देने का एलान किया है। मरांडी ने कहा कि ‘झारखंड के लोगों से मार्मिक अपील – हमारे राज्य के मुख्यमंत्री केंद्रीय एजेंसियों के डर से पिछले करीब चालीस घंटे से लोकलाज त्याग कर लापता हैं और चेहरा छिपाकर भागे-भागे फिर रहे हैं। यह न सिर्फ मुख्यमंत्री की निजी सुरक्षा के लिए खतरा है बल्कि इससे झारखंड की साढ़े तीन करोड़ जनता की सुरक्षा, इज्जत, मान-सम्मान भी खतरे में है। जो कोई भी बिना विलंब हमारे होनहार मुख्यमंत्री को सकुशल खोजकर लाएगा, उसे मेरी तरफ से ग्यारह हजार रुपये का ईनाम दिया जाएगा।’

निशिकांत दुबे ने कसा तंज

इस बीच भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर लिखा ‘आज झारखंड के लोगों को मान-सम्मान हमारे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी ने लापता होकर मिट्टी में मिला दिया है।’

एक अन्य पोस्ट में निशिकांत दुबे ने लिखा ‘मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी के इशारों पर गलत काम करने वालों को एक बड़ी नसीहत, जो मुख्यमंत्री खुद को भगोड़ा साबित कर रहा है, जांच एजेंसियों का सामना करने से भाग रहा है, दिनभर देश-विदेश में बेइज्जती झेल रहा है, वह आदमी अधिकारियों की या राज्य के लोगों की क्या रक्षा करेगा?’

वहीं झारखंड भाजपा के प्रवक्ता प्रतुलल शाहदेव ने कहा ‘मुख्यमंत्री जी का अता-पता नहीं है, हमारे सीएम भगोड़ा हो गए, फरार हो गए। यह झारकंड के लिए शर्मसार करने वाली बात है। मुख्यमंत्री को ईडी का सामना करना चाहिए। वह क्या नजीर पेश कर रहे हैं।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code