1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. चंडीगढ़ मेयर चुनाव में भाजपा ने बाजी मारी, ज्यादा वोट के बावजूद ‘आप’-कांग्रेस देखते रह गए
चंडीगढ़ मेयर चुनाव में भाजपा ने बाजी मारी, ज्यादा वोट के बावजूद ‘आप’-कांग्रेस देखते रह गए

चंडीगढ़ मेयर चुनाव में भाजपा ने बाजी मारी, ज्यादा वोट के बावजूद ‘आप’-कांग्रेस देखते रह गए

0
Social Share

चंडीगढ़, 30 जनवरी। पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में हुए मेयर के चुनाव में विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A को बड़ा झटका लगा है, जब साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतरीं सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस को ज्यादा वोट के बावजूद पराजय झेलनी पड़ी और भाजपा ने बाजी मार ली।

भाजपा के मनोज सोनकर चंडीगढ़ के नए मेयर, आप के कुलदीप हारे

दरअसल, इस चुनाव में I.N.D.I.A गठबंधन के साथ ही खेला हो गया। वजह, सोमवार को हुए चुनाव में भाजपा के मनोज सोनकर 16 वोट पाकर जीत गए जबकि आठ वोट रद कर दिये गए। इसका नतीजा यह हुआ गठबंधन के ‘आप’ उम्मीदवार कुलदीप कुमार 12 वोट पा सके और उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

कुल मिलाकर यह निर्णय विवादों के घेरे में आ गया है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की ओर से इस मामले को कोर्ट ले जाने की तैयारी शुरू हो गई है। पहले ही चुनाव टालने को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने हमला बोलते हुए कहा था कि यह गलत है और भाजपा ने हार के चलते ऐसा फैसला लिया है।

आम आदमी पार्टी की पार्षद प्रेमलता ने इस चुनाव पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, ‘हम इस चुनाव के खिलाफ हाई कोर्ट जाएंगे। भाजपा ने गलत तरीके से जीत हासिल की है। मेरे हाथ से बैलेट पेपर ही छीन लिया गया। किरण खेर मैडम लगातार इशारे दे रही थीं।

आम आदमी पार्टी बोली – HC जाएंगे, आखिर 8 वोट अवैध कैसे हो सकते हैं?

प्रेमलता ने कहा, ‘हमारे 24 वोट थे। फिर आठ वोट अवैध कैसे करार दे दिए गए।’ उन्होंने आरोप लगाया कि गलत तरीके से बाद में साइन किए गए और वोटों को अवैध करार दे दिया गया। भाजपा की सरकार का अंत आ चुका है। भले ही इन लोगों ने मेयर का चुनाव धोखे से जीत लिया है, लेकिन सांसदी के चुनाव में तो सीधे जनता ही वोट देगी और सबक सिखाएगी। प्रेमलता ने इस दौरान किरण खेर मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।

जेपी नड्डा बोले – पहली लड़ाई हार गया I.N.D.I.A. अलायंस

उधर भाजपा की इस जीत पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इसे इंडी गठबंधन के खिलाफ पहली जीत करार दिया है। नड्डा ने X पर लिखा, ‘I.N.D.I.A. अलायंस ने भाजपा के खिलाफ पहली चुनावी लड़ाई लड़ी और हार हुई है। इससे दिख गया कि न तो उनकी गणित काम की और ना ही उनकी केमिस्ट्री चल पाई है।’ यही नहीं केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने भी विपक्षी गठबंधन पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि I.N.D.I.A. अलायंस तो अब ब्रेन डेड हो चुका है।

केजरीवाल बोले – दिनदहाड़े बेईमानी हो गई है, लोकसभा में क्या होगा

वहीं दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस हार को बेईमानी बताया है। उन्होंने कहा, ‘चंडीगढ़ मेयर चुनाव में दिन दहाड़े जिस तरह से बेईमानी की गई है, वो बेहद चिंताजनक है। यदि एक मेयर चुनाव में ये लोग इतना गिर सकते हैं तो देश के चुनाव में तो ये किसी भी हद तक जा सकते हैं। ये बेहद चिंताजनक है।’

हारी हुई बाजी कैसे जीत गई भाजपा

चंडीगढ़ मेयर चुनाव में ‘आप’ और कांग्रेस की जीत पक्की बताई जा रही थी क्योंकि 35 में से 20 पार्षद उनके थे और मेयर चुनाव में जीत के लिए 19 वोट चाहिए थे। भाजपा की बात करें तो उसके पास सांसद किरण खेर का वोट मिलाकर कुल 16 वोट थे। लेकिन ऐन वक्त पर उनके साथ खेला हो गया। जैसे ही वोटों की गिनती शुरू हुई तो ‘आप’ कांग्रेस के पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसकी वजह थी उनके आठ वोटों को रद किया जाना।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code