1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. दिल्ली नगर निगम : भाजपा का डेढ़ दशक का शासन खत्म, आम आदमी पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा पार कर 134 सीटें जीतीं
दिल्ली नगर निगम : भाजपा का डेढ़ दशक का शासन खत्म, आम आदमी पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा पार कर 134 सीटें जीतीं

दिल्ली नगर निगम : भाजपा का डेढ़ दशक का शासन खत्म, आम आदमी पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा पार कर 134 सीटें जीतीं

0

नई दिल्ली, 7 दिसम्बर। दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (आप) ने अब दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) पर भी कब्जा जमा लिया है। 250 वार्डों वाले एमसीडी चुनाव के बुधवार को आए नतीजों में अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा (126) पार करते हुए 134 सीटें जीतीं और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 15 वर्षों का शासन समाप्त कर दिया।

भाजपा 104 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर रही

राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़े के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 104 सीट, कांग्रेस ने 9 और अन्य ने 3 सीटों पर जीत हासिल की। बहुमत के लिए किसी भी पार्टी को एमसीडी के 250 वार्डों में से 126 में जीत दर्ज करनी थी।

एमसीडी चुनाव के लिए मतों की गिनती बुधवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। एमसीडी के 250 वार्डों के लिए चार दिसम्बर को मतदान हुआ था, जिसमें 1,349 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी थी। चुनाव में इस बार 50.48 प्रतिशत मतदान हुआ।

इससे पहले 2017 के नगर निगम चुनाव में भाजपा ने 270 वार्डों में से 181 पर जीत दर्ज की थी। प्रत्याशियों के निधन के कारण दो सीटों पर मतदान नहीं हो सका। ‘आप’ ने 48 वार्डों और कांग्रेस ने 27 वार्ड जीते थे। उस साल करीब 53 प्रतिशत मतदान हुआ था।

संजय सिंह बोले – एक बार फिर साबित हुआ कि ‘आप’ बेहद ईमानदार पार्टी है

इस बीच ‘आप’ के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि महज 10 वर्ष पुरानी पार्टी ने देश की सबसे बड़ी पार्टी (भाजपा) को उसी के गढ़ में ‘मात’ दे दी। उन्होंने कहा, “परिणामों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि ‘आप’ एक बेहद ईमानदार पार्टी है।’’ सिंह ने कहा कि परिणाम इसलिए भी उल्लेखनीय हैं, कि भाजपा ने चुनाव प्रचार के लिए 17 केंद्रीय मंत्रियों सहित सभी शीर्ष नेताओं को मैदान में उतारा था।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.