बिहार सरकार को फिल्मी स्टाइल में घेर रही भाजपा, अमिताभ बच्चन का वीडियो इंटरनेट पर किया पोस्ट

पटना, 19 अगस्त। नीतीश सरकार की नई कैबिनेट के खिलाफ विपक्ष लगातार हमला बोल रहा है। पहले सुशील मोदी, फिर रविशंकर प्रसाद और अब बिहार भाजपा ने अपने ट्विटर हैंडल से पुरानी फिल्म की क्लिप के जरिए नीतीश की नई कैबिनेट पर निशाना साधा है।

बिहार भाजपा के ट्वीट के कैप्शन में लिखा है – बिहार मंत्रिमंडल का सरल शब्दों में संक्षिप्त परिचय। इतना ही नहीं आगे लिखा गया है कि घबराने की बात नहीं है, इस सरकार ने अपनी-अपनी विधा में विशारद लोगों को उनकी योग्यतानुसार ही मंत्रिपद की जिम्मेदारी दी है। गौरतलब है कि बिहार सरकार के मंत्रियों पर उठ रहे आरोपों के चलते नीतीश कुमार को विपक्ष का लगातार तंज सहना पड़ रहा है।

शपथ ग्रहण के अगले दिन ही कार्तिकेय सिंह के खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी होने से भाजपा ने नीतीश मंत्रिमंडल के खिलाफ हमला बोलते हुए कार्तिकेय सिंह को बर्खास्त करने कि मांग की थी। पार्टी के वरिष्ठ नेता और भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने नीतीश को संबोधित करते हुए कहा था कि नीतीश को हिम्मत दिखाते हुए कार्तिकेय सिंह को तत्काल बर्खास्त करना चाहिए।

वहीं कृषिमंत्री सुधाकर सिंह पर भ्रष्टाचार के बड़े आरोप लगे हैं। बीमा भारती ने लेशी सिंह पर आरोप लगाते हुए नीतीश कुमार से लेशी सिंह को मंत्रिमंडल से निकालने की मांग की थी। बीमा भारती ने कहा था कि लेशी सिंह बिहार में हत्याएं करवाती हैं और इसके सबूत उनके पास हैं। शपथ ग्रहण के चार दिनों के भीतर नीतीश सरकार आधे दर्जन विवादों में घिर चुकी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular