1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. यूपी निकाय चुनाव : भाजपा ने घोषित किए 17 नगर निगमों के प्रभारी और सह प्रभारी
यूपी निकाय चुनाव : भाजपा ने घोषित किए 17 नगर निगमों के प्रभारी और सह प्रभारी

यूपी निकाय चुनाव : भाजपा ने घोषित किए 17 नगर निगमों के प्रभारी और सह प्रभारी

0
Social Share

लखनऊ, 1 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अगले माह प्रस्तावित उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव में पूरे दमखम के साथ उतरने की तैयारी कर ली है। इस क्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों के तहत आने वाले नगर निगमों के लिए प्रभारी नियुक्त कर दिए।

दोनों डिप्टी सीएम व कैबिनेट मंत्रियों के साथ वरिष्ठ नेताओं को दी गई जिम्मेदारी

सभी 17 नगर निगमों के लिए दोनों उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक के साथ ही कैबिनेट मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं को प्रभारी और सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पूर्व शुक्रवार को दिनभर प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने एकांत स्थान पर इस सूची को लेकर मंथन किया। उसके बाद देर शाम सूची जारी कर दी गई।

वैसे तो भाजपा निकाय चुनावों में विपक्ष में रहकर भी अच्छा प्रदर्शन करती रही है। लेकिन इस बार पिछले सारे रिकार्ड तोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है। पार्टी ने सभी 17 नगर निगमों के साथ ही जिला मुख्यालयों वाली और समस्त बड़ी नगर पालिकाओं को जीतने का लक्ष्य रखा है।

पिछली बार भाजपा ने 16 में से 14 नगर निगमों में जीत हासिल की थी

पिछले निकाय चुनाव में भाजपा ने 16 में से 14 नगर निगमों में जीत हासिल की थी। पार्टी ने निकाय चुनावों के लिए संयोजकों की तैनाती पहले ही कर दी है। परिसीमन भी हो चुका है। अब इन निकायों में आरक्षण को लेकर कवायद चल रही है।

बृज क्षेत्र

मथुरा-वृंदावन नगर निगम के लिए पूर्व मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री प्रभारी व विधायक महेश गुप्ता सह प्रभारी, आगरा में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक प्रभारी व प्रदेश महामंत्री अश्वनी त्यागी सह प्रभारी, फिरोजाबाद में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह प्रभारी व एमएलसी गोपाल अंजान सह प्रभारी जबकि अलीगढ़ में कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह प्रभारी और विधायक राजेश चौधरी सह प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।

पश्चिम क्षेत्र

गाजियाबाद नगर निगम के लिए पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह को प्रभारी व विधायक राजीव गुंबर को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। मेरठ में पंकज सिंह प्रभारी व राज्यमंत्री केपी मलिक सह प्रभारी, सहारनपुर में मंत्री असीम अरुण प्रभारी व विधायक अमित अग्रवाल सह प्रभारी, मुरादाबाद में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल प्रभारी और राज्यमंत्री जसवंत सैनी सह प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।

अवध क्षेत्र

लखनऊ नगर निगम के लिए कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना प्रभारी और पूर्व मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा सह प्रभारी बनाए गए हैं। अयोध्या नगर निगम के लिए कैबिनेट मंत्री सूर्यप्रताप शाही को प्रभारी और युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी को सह प्रभारी बनाया गया है।

कानपुर क्षेत्र

कानपुर नगर निगम के लिए कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह प्रभारी और पूर्व विधायक सुरेश तिवारी सह प्रभारी बनाए गए हैं। झांसी नगर निगम के लिए कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य को प्रभारी और पूर्व मंत्री डॉ. सतीश चंद द्विवेदी को सह प्रभारी बनाया गया है।

गोरखपुर क्षेत्र

गोरखपुर नगर निगम के लिए राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण सक्सेना को प्रभारी और सांसद बाबूराम निषाद को सह प्रभारी बनाया गया है।

काशी क्षेत्र

प्रयागराज में जितिन प्रसाद को प्रभारी व रवींद्र जायसवाल को सह प्रभारी, वाराणसी में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को प्रभारी बनाया गया है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code