1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. बिहार : पटना में कांग्रेस दफ्तर पर भाजपा का हल्ला बोल, कांग्रेस ने मारपीट और तोड़फोड़ का लगाया आरोप
बिहार : पटना में कांग्रेस दफ्तर पर भाजपा का हल्ला बोल, कांग्रेस ने मारपीट और तोड़फोड़ का लगाया आरोप

बिहार : पटना में कांग्रेस दफ्तर पर भाजपा का हल्ला बोल, कांग्रेस ने मारपीट और तोड़फोड़ का लगाया आरोप

0
Social Share

पटना, 29 अगस्त। कांग्रेस व राजद की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान दो दिन पहले दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कांग्रेस नेता मोहम्मद नौशाद के मंच से मां की गाली देने से भड़के भाजपा कार्यकर्ता शुक्रवार की सुबह पटना की सड़कों पर उतर आए और बिहार कांग्रेस के दफ्तर सदाकत आश्रम पर हमला बोल दिया।

नीतीश कुमार की सरकार में भाजपा के मंत्री नितिन नबीन और संजय सरावगी के नेतृत्व में कांग्रेस दफ्तर तक मार्च निकाला गया था, जो वहां उग्र हो गया। भाजपा के कार्यकर्ता सदाकत आश्रम के अंदर घुस गए। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा वालों ने दफ्तर में मौजूद लोगों से मारपीट की और कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की है। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि मंत्री और उनके बॉडीगार्ड हमले में शामिल थे जबकि पुलिस मिली हुई थी।

आरोपित कांग्रेस नेता मो. नौशाद की गिरफ्तारी हो चुकी है

उल्लेखनीय है कि विपक्षी दलों के महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान बुधवार को दरभंगा में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के स्वागत में कांग्रेस नेता नौशाद के मंच से पीएम को मां की गाली दी गई थी। गुरुवार देर रात आरोपित रिजवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुक्रवार को इसी बात को लेकर पटना में भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और विरोध मार्च के कांग्रेस दफ्तर पहुंचने पर वहां कथित तौर पर मारपीट व तोड़फोड़ की।

आरोप – मंत्री के बॉडीगार्ड भी मारपीट कर रहे थे, पुलिस भी मिली हुई थी

प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा कार्यकर्ता जब सदाकत आश्रम में घुसे तो कांग्रेस कार्यकर्ता भी उग्र हो गए। दोनों ओर से लाठी और डंडे चले। सदाकत आश्रम में खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए हैं। झंडे वाले डंडे से मारपीट में दोनों और से कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। पटना जिला के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष परवेज अहमद ने आरोप लगाया कि पुलिस भाजपा वालों के साथ मिली हुई थी। मंत्री के बॉडीगार्ड भी मारपीट कर रहे थे।

सेवादल के कार्यालय मंत्री विपिन झा और पूर्व जिलाध्यक्ष परवेज अहमद चोटिल

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा वालों ने सदाकत आश्रम में खड़े एक ट्रक और तीन कार का शीशा फोड़ दिया। उस समय कांग्रेस मुख्यालय में करीब 15 कर्मचारी थी। इन्होंने अंदर घुसे भाजपाइयों का विरोध किया, तब भिड़ंत हुई। प्रदर्शनकारियों के पत्थर और डंडे से सेवादल के कार्यालय मंत्री विपिन झा और पूर्व जिलाध्यक्ष परवेज अहमद का माथा फट गया। कांग्रेस ने कहा है कि दफ्तर के स्टाफ विपिन और दिनेश शंकर दास समेत अन्य कर्मचारियों को भी पीटा गया। पुलिस इस झड़प के बाद पहुंची, तब भाजपा कार्यकर्ता वहां से हटे। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि वहां पहले से चार-पांच पुलिसकर्मी थे, लेकिन मूकदर्शक बने रहे।

मारो और तोड़ो, हम सत्य और संविधान की रक्षा करते रहेंगे : राहुल गांधी

इस घटना पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में लिखा, ‘सत्य और अहिंसा के आगे असत्य और हिंसा टिक ही नहीं सकते। मारो और तोड़ो, जितना मारना-तोड़ना है – हम सत्य और संविधान की रक्षा करते रहेंगे। सत्यमेव जयते।’

मंत्री सरवगी का आरोप – सदाकत आश्रम के अंदर से पत्थर चलाए गए

उधर मार्च में शामिल मंत्री संजय सरावगी ने कहा कि पीएम की दिवंगत माता को गालियां दी गईं और विरोध पर कांग्रेस के गुंडों ने भाजपा के जुलूस पर हमला कर दिया। सदाकत आश्रम के अंदर से पत्थर चलाए गए, जिसमें हमारे कई कार्यकर्ता जख्मी हो गए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं मंत्री नितिन नबीन ने कहा कि देश का अपमान करना कांग्रेस का चरित्र है। पहले राहुल गांधी ने पीएम के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उसके बाद उनके कार्यकर्ता भी गाली देने लगे। यह देश का अपमान है, जिसे कोई सहन नहीं करेगा। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस ऑफिस में पहले से पत्थर रखे गए थे। हमारे कई कार्यकर्ता जख्मी हैं। लेकिन सही समय पर वोट के चोट से उन्हें जवाब दिया जाएगा।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code