1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. बिहार : सीएम नीतीश कुमार सोमवार को विधान परिषद की सदस्यता से देंगे इस्तीफा, JDU नेताओं की अपील बेअसर
बिहार : सीएम नीतीश कुमार सोमवार को विधान परिषद की सदस्यता से देंगे इस्तीफा, JDU नेताओं की अपील बेअसर

बिहार : सीएम नीतीश कुमार सोमवार को विधान परिषद की सदस्यता से देंगे इस्तीफा, JDU नेताओं की अपील बेअसर

0
Social Share

पटना, 29 मार्च। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित घोषित किए जाने के बाद सोमवार को विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देंगे। सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (JDU) के सूत्रों का कहना है कि नीतीश कुमार स्वयं विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह से मिलकर अपना इस्तीफा सौंपेंगे। संवैधानिक प्रावधान के तहत किसी भी विधान पार्षद को अपना इस्तीफा सभापति को और विधायक को विधानसभा अध्यक्ष को व्यक्तिगत रूप से देना होता है।

नीतीश ने कई नेताओं से की मंत्रणा

इस बीच सीएम नीतीश कुमार ने रविवार को अपने आवास पर JDU के कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर चर्चा की। बैठक में विभिन्न राजनीतिक विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह), मंत्री व‍िजय कुमार चौधरी और डॉ. अशोक चौधरी भी मौजूद रहे।

मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि कई नेताओं ने मुख्यमंत्री से इस्तीफा नहीं देने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने अपने निर्णय पर कायम रहने की बात कही।

10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में ले सकते हैं शपथ

उल्लेखनीय है कि विधान परिषद में मुख्यमंत्री का यह चौथा कार्यकाल है, जो वर्ष 2030 तक निर्धारित था। हालांकि, इसी महीने की 16 तारीख को वह राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं। संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार, संसद के लिए निर्वाचित होने के 14 दिनों के भीतर उन्हें राज्य विधानमंडल की सदस्यता छोड़नी होती है। इसी प्रावधान के तहत मुख्यमंत्री को विधान परिषद से इस्तीफा देना है। संभावना है कि वह 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ले सकते हैं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code