Homeहिन्दीखेलपेरिस पैरालम्पिक : भारतीय खिलाड़ियों का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, शरद...

पेरिस पैरालम्पिक : भारतीय खिलाड़ियों का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, शरद व अजीत ने जीते रजत पदक

पेरिस, 4 सितम्बर। पेरिस पैरालम्पिक खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने जलवा बरकरार रखा है और खेलों की समाप्ति से चार दिन पूर्व ही अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल हो गए हैं।

इस क्रम में भारतीय दल ने पदक स्पर्धाओं के छठे दिन दो रजत व तीन कांस्य सहित कुल पांच पदक जीते और अपने पदकों की संख्या 20 (3 स्वर्ण, 7 रजत व 10 कांस्य) तक पहुंचाने के साथ ही टोक्यो पैरालम्पिक के प्रदर्शन (5 स्वर्ण, 8 रजत, 6 कांस्य सहित कुल 19 पदक) को पीछे छोड़ दिया है। पेरिस खेलों में भारतीय पैरा एथलीटों ने 25 पदक जीतने का लक्ष्य रखा है।

ऊंची कूद टी63 वर्ग स्पर्धा में भारत ने जीते रजत और कांस्य

पुरुषों की ऊंची कूद T63 वर्ग स्पर्धा में भारतीय पैरा एथलीटों ने रजत और कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। देर रात हुए फाइनल मुकाबले में हाई जंपर शरद कुमार ने 1.88 मीटर की ऊंचाई फांद कर रजत जीता तो टोक्यो पैरालम्पिक के स्वर्ण पदक विजेता मरियप्पन थंगावेलु ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करते हुए 1.85 मीटर की ऊंचाई पार कर कांस्य पदक जीता।

पुरुष भाला फेंक एफ 46 वर्ग स्पर्धा में भी आए दो पदक

स्टार भाला फेंक पैरा एथलीट अजीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की भाला फेंक F46 वर्ग स्पर्धा में रजत पदक जीता। अजीत सिंह ने 65.62 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया। वहीं सुंदर सिंह गुर्जर ने भी सीजन के अपने सर्वश्रेष्ठ 64.96 थ्रो के साथ कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। इसके पूर्व तेलंगाना की दीप्ति जीवनजी ने महिलाओं की 400 मीटर T20 दौड़ में 55.82 सेकेंड के साथ कांस्य जीता।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments