एक्सिस माई इंडिया एग्जिट पोल का अनुमान – महाराष्ट्र में भाजपा नीत महायुति गठबंधन को मिलेगी बड़ी जीत

नई दिल्ली, 21 नवम्बर। जाने माने रणनीतिकार प्रदीप गुप्ता की कम्पनी एक्सिस माई इंडिया की ओर से महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मतदान बाद कराए गए एग्जिट पोल के नतीजे सामने आ गए हैं। इस एग्जिट पोल के आंकड़ों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन बड़ी जीत हासिल करेगा।

एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल के अनुसार सत्तारूढ़ गठबंधन को 288 सदस्यीय विधानसभा में 178-200 सीटें जीतने का अनुमान है। पोलस्टर ने भविष्यवाणी की है कि शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और शरद पवार की एनसीपी (एसपी) से मिलकर बनी महा विकास आघाड़ी (MVA) 82-102 सीटों तक ही सीमित रहेगी। सत्तारूढ़ गठबंधन को विपक्षी ब्लॉक के 37 प्रतिशत के मुकाबले 48 प्रतिशत वोट शेयर मिलने का अनुमान है।

क्षेत्रवार अनुमान

एक्सिस माई इंडिया के अनुमानों के अनुसार महायुति गठबंधन को मुंबई क्षेत्र में 36 में से 22 सीटें जीतने का अनुमान है, जिसका वोट शेयर 45 प्रतिशत है। एमवीए को शेष 14 सीटें मिलने का अनुमान है। विदर्भ में महायुति को 62 में से 39 सीटें मिलने का अनुमान है जबकि एमवीए को 20 सीटें मिल सकती हैं।

कोंकण और ठाणे क्षेत्र में एग्जिट पोल में महायुति को 39 में से 24 सीटें जीतने का अनुमान लगाया गया है जबकि एमवीए को 13 सीटें मिल सकती हैं। मराठवाड़ा क्षेत्र में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को 46 में से 30 सीटें मिल सकती हैं जबकि एमवीए को 15 सीटें मिलने का अनुमान है।

शिवसेना-भाजपा-राकांपा गठबंधन को उत्तर महाराष्ट्र क्षेत्र में 47 में से 38 सीटें जीतने का अनुमान है, जबकि एमवीए को सात सीटें मिलेंगी। एमवीए पश्चिमी महाराष्ट्र में थोड़ा बेहतर प्रदर्शन कर सकती है, जहां वह 58 में से 21 सीटें जीत सकती है, लेकिन महायुति को 36 सीटों का बड़ा हिस्सा मिलने का अनुमान है।

अन्य एग्जिट पोल ने की है ये भविष्यवाणी

एक दिन पहले बुधवार को जारी किए गए अधिकतर एग्जिट पोल के आंकड़े भी यही कह रहे हैं कि एमवीए चुनावों में मजबूत प्रदर्शन करेगी, लेकिन विधानसभा में उसके बहुमत के आंकड़े को पार करने की संभावना नहीं है। पी-एमएआरक्यू एग्जिट पोल के अनुसार, महायुति गठबंधन 137-157 सीटें जीतेगा, जबकि महा विकास अघाड़ी को 126-147 सीटें और अन्य को 2-8 सीटें मिलेंगी।

मैट्रिज एग्जिट पोल ने महायुति गठबंधन को 150-170 सीटें और महा विकास अघाड़ी को 110-130 सीटें मिलने का अनुमान लगाया। इसने कहा कि अन्य को 8-10 सीटें मिल सकती हैं। चाणक्य एग्जिट पोल ने भी महायुति की बड़ी जीत की भविष्यवाणी की। पोलस्टर ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन 152-160 सीटें जीतेगा। कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन 130-138 सीटें जीतेगा।

पीपुल्स पल्स’ ने अनुमान लगाया कि महायुति 175-195 सीटें पाकर निर्णायक जीत हासिल करेगी। इसमें कहा गया है कि महा विकास अघाड़ी को 85-112 सीटें और ‘अन्य’ को 7-12 सीटें मिल सकती हैं। महाराष्ट्र विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 145 है और रिपब्लिक टीवी-पीएमएआरक्यू के पूर्वानुमान के अनुसार एमवीए भी यह आंकड़ा पार कर सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular