तेलंगाना : SLBC सुरंग की छत का एक हिस्सा ढहने से कम से कम 6 श्रमिकों के फंसे होने की आशंका
हैदराबाद, 22 फरवरी। तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले में शनिवार को श्रीशैलम लेफ्ट बैंक नहर (SLBC) के निर्माणाधीन हिस्से में छत का एक हिस्सा ढहने से कम से कम छह श्रमिकों के फंसे होने की आशंका है। पुलिस के अनुसार निर्माण कम्पनी की टीम आकलन के लिए अंदर गई है और वह इसकी पुष्टि कर रही है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि काम में लगी कम्पनी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार छह से आठ श्रमिकों के फंसे होने की आशंका है। अधिकारी ने बताया, ‘घटना तब हुई, जब कुछ श्रमिक काम के सिलसिले में अंदर गए थे, तभी सुरंग के 12-13 किलोमीटर अंदर छत गिर गई।’
सीएम रेड्डी ने राहत उपाय करने के निर्देश दिए
वहीं मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में मृतकों की संख्या नहीं बताई गई है, लेकिन बताया गया है कि कुछ लोग घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों को राहत कार्य करने के लिए घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य के सिंचाई मंत्री एन उत्तम कुमार रेड्डी, सिंचाई मामलों के सरकारी सलाहकार आदित्यनाथ दास और अन्य सिंचाई अधिकारी विशेष हेलीकॉप्टर से घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने एसएलबीसी सुरंग में हुए हादसे पर दुख जताया है। सुरंग में छत गिरने और कई लोगों के घायल होने की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने तुरंत अधिकारियों को सूचित किया। उन्होंने जिला कलेक्टर, एसपी, अग्निशमन विभाग, हाइड्रो और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत उपाय करने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री के आदेश पर सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी, सिंचाई सलाहकार आदित्यनाथ दास और सिंचाई अधिकारी विशेष हेलीकॉप्टर से दुर्घटना स्थल के लिए रवाना हुए।’
कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने भी घटना की जानकारी ली
इस बीच केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने दुर्घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके कारणों की जानकारी ली और अधिकारियों से फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने को कहा। उनके कार्यालय से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि उन्होंने अधिकारियों से घायलों (यदि कोई हो) को उपचार उपलब्ध कराने को भी कहा।
