गुजरात में ‘आप’ ने दिखाई ताकत : केजरीवाल-भगवंत मान ने अहमदाबाद में तिरंगा यात्रा के जरिए किया रोड शो

अहमदाबाद, 2 अप्रैल। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और पंजाब में सिक्का जमाने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की निगाहें अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के गृह राज्य गुजरात पर लग गई हैं, जहां इसी वर्षांत चुनाव होने हैं।

इसी क्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने पंजाब के नवनियुक्त सीएण भगवंत मान के साथ शनिवार को यहां तिरंगा गौरव यात्रा के जरिए रोड शो के जरिए अपनी ताकत का अहसास कराया। इसे आम आदमी पार्टी का गुजरात में चुनाव प्रचार का आगाज माना जा रहा है।

पहले लड़े थे गोरों से, अब लड़ेंगे चोरों से के नारे भी लगे

दरअसल, आगामी राज्य विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान शनिवार से दो दिन के गुजरात दौरे पर हैं। दोनों नेताओं के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने करीब दो किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली। इस यात्रा में सभी ने हाथों में तिरंगा पकड़ा हुआ था। इस यात्रा में ‘आप’ समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने ‘पहले लड़े थे गोरों से, अब लड़ेंगे चोरों से’ के नारे भी लगाए गए।

केजरीवाल और मान ने साबरमती आश्रम में चरखा चलाया

इसके पूर्व केजरीवाल और मान ने यहां साबरमती आश्रम जाकर महात्मा गांधी से जुड़ी सामग्रियां देखीं और चरखा चलाया। दोनों नेताओं ने साबरमती आश्रम में हृदय कुंज का दौरा भी किया, जहां महात्मा गांधी रहते थे। इसके अलावा उन्होंने संग्रहालय का भी दौरा किया तथा गांधी की प्रतिमा पर शीश झुकाया।

गौरतलब है कि इस वर्षांत प्रस्तावित गुजरात विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए आम आदमी पार्टी जी जान से जुट गई है और ‘आप’ के दोनों नेताओं का दौरा भी इसी कड़ी का हिस्सा है। राज्य में गुलाब सिंह को पार्टी का चुनाव प्रभारी बनाया गया है और डॉक्टर संदीप पाठक राज्य प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular