अखिलेश यादव का सरकार पर हमला – भाजपा राज में जनता को रौंद रहा मंहगाई का बुल्डोजर

लखनऊ, 2 अप्रैल। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने पेट्रोल-डीजल व एलपीजी सहित अन्य उपभोक्ता वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों पर केंद्र व प्रदेश सरकारों को घेरते हुए कहा है कि भाजपा राज में बुल्डोजर अब जनता को ही रौंदने में लग गया है।

किसान आत्महत्या कर रहे और सरकार उनके कल्याण के झूठे दावे कर रही

अखिलेश ने शनिवार को यहां सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि हर दिन पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस के बढ़ते दामों के कारण महंगाई को पंख लग गए हैं। महंगाई कम करने के दावों का हश्र यह है कि हर रोज इसमें बढ़ोतरी हो रही है। आम जनता का जीना दुश्वार हो गया है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं और सरकार किसानों के कल्याण के झूठे दावे कर रही है।

महंगाई व कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को हर जगह घेरती रहेगी सपा

सपा प्रमुख ने कहा कि सपा महंगाई व कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को सड़क से लेकर सदन तक घेरती रहेगी। भाजपा राज में ऐसे ‘अच्छे दिन’ आ रहे हैं कि लोग पुराने दिनों की वापसी की बात करने लगे हैं। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने के साथ ही आज से टोल-टैक्स भी महंगा हो गया। राजमार्गों पर सफर 10 से 15 प्रतिशत तक महंगा हो गया है। सीएनजी-पीएनजी गैस के दाम आठ साल में सबसे ज्यादा दोगुने से अधिक बढ़ा दिए गए हैं।

……..इस गणित से 7 महीने में पेट्रोल का भाव बढ़कर हो जाएगा 275 रु. प्रति लीटर

अखिलेश ने एक ट्वीट भी किया, जिसमें भाजपाई महंगाई का गणित समझाया। उन्होंने लिखा, ‘जनता कह रही है कि 80 पैसे प्रतिदिन या लगभग 24 रु. महीने के हिसाब से पेट्रोल के दाम यूं ही बढ़ते रहे तो अगले जो चुनाव नवंबर-दिसंबर में होंगे, इस बीच सात महीने में दाम लगभग 175 रु. बढ़ जाएंगे। मतलब आज के 100 रु लीटर से बढ़कर पेट्रोल 275 रुपये लीटर हो जाएगा। ये है भाजपाई महंगाई का गणित!’

RELATED ARTICLES

Most Popular