डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर देश ने किया नमन, CM योगी से गडकरी तक नेताओं ने याद किया योगदान

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर। भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और भाजपा नेताओं ने उन्हें याद करते हुए राष्ट्र निर्माण, विज्ञान, रक्षा अनुसंधान और युवाओं को प्रेरित करने में उनके योगदान को अतुलनीय बताया।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर डॉ. कलाम को नमन करते हुए कहा कि उनका सादगीपूर्ण जीवन, आदर्श और कर्मठता सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने भारत को सामर्थ्यवान बनाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनके विचार आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रक्षा और अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारत को वैश्विक पहचान दिलाने तथा देश को परमाणु शक्ति संपन्न बनाने में डॉ. कलाम का योगदान अभूतपूर्व रहा। उनके विचार और आदर्श युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने भी महान वैज्ञानिक को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि राष्ट्र के उत्थान के लिए समर्पित उनका जीवन शिक्षित, सशक्त और गौरवशाली भारत के निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता रहेगा।

सीएम योगी ने बताया समर्थ भारत का स्वप्नद्रष्टा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. कलाम को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें समर्थ भारत का स्वप्नद्रष्टा बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम ने अपने ज्ञान और वैज्ञानिक प्रतिभा से भारत की सामरिक शक्ति को नई ऊंचाइयां दीं। देश की रक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनका आदर्श जीवन देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि डॉ. कलाम का वैज्ञानिक योगदान, सादगीपूर्ण जीवन, उच्च आदर्श और मातृभूमि के प्रति समर्पण हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने विज्ञान को राष्ट्रसेवा का माध्यम बनाया और युवाओं में बड़े सपने देखने तथा उन्हें साकार करने का आत्मविश्वास जगाया।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने डॉ. कलाम के योगदान को याद करते हुए कहा कि भारत को परमाणु शक्ति संपन्न बनाने और रक्षा अनुसंधान में आत्मनिर्भरता की दिशा में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उनके विचार आज भी युवाओं को अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देते हैं।

धामी, सैनी और भजनलाल शर्मा ने भी किया नमन

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. कलाम को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में उनका अतुलनीय योगदान और विकसित व आत्मनिर्भर भारत का संकल्प सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उनका जीवन कठिन परिश्रम, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रसेवा का उदाहरण है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारत को परमाणु और मिसाइल तकनीक में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले डॉ. कलाम का जीवन सादगी, समर्पण और राष्ट्रसेवा की मिसाल है। उनके विचार युवा पीढ़ी को विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी डॉ. कलाम को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण, विज्ञान और शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान अतुलनीय है। विकसित भारत का उनका सपना देशवासियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने डॉ. कलाम को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भारत को वैज्ञानिक और रक्षा क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं, बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि रक्षा और अंतरिक्ष विज्ञान में डॉ. कलाम की उपलब्धियां अविस्मरणीय हैं। उनके विचार, राष्ट्र के प्रति समर्पण और युवाओं को बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देने वाली सोच देशवासियों का मार्गदर्शन करती रहेगी।

डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को उनके वैज्ञानिक योगदान, सादगीपूर्ण जीवन और युवाओं के प्रति प्रेरणादायी विचारों के लिए हमेशा याद किया जाता है। उनका जीवन देश के विकास, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular