Homeहिन्दीखेलपेरिस ओलम्पिक : अंकिता के चमकदार प्रदर्शन से भारतीय महिला तीरंदाजी टीम...

पेरिस ओलम्पिक : अंकिता के चमकदार प्रदर्शन से भारतीय महिला तीरंदाजी टीम क्वार्टर फाइनल में

पेरिस, 25 जुलाई। पेरिस ओलम्पिक खेलों का औपचारिक उद्घान समारोह तो शुक्रवार, 26 जुलाई को भारतीय समयानुसार रात्रि 11 बजे से प्रस्तावित है, लेकिन भारतीय तीरंदाजों ने गुरुवार को ही अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी और अंकिता भकत के चमकदार प्रदर्शन से महिला टीम ने क्वार्टर फाइनल में जगह सुरक्षित कर ली।

प्रथम प्रवेशी अंकिता ने भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ 11वां स्थान हासिल किया

ओलम्पिक खेलों में पदार्पण कर रहीं धनुर्धर अंकिता भकत ने अनुभवी दीपिका कुमारी को पीछे छोड़ते हुए महिला व्यक्तिगत रिकर्व क्वालीफिकेशन में भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ 11वां स्थान हासिल किया, इससे देश ने चौथे स्थान पर रहकर टीम स्पर्धा के क्वार्टरफाइनल  में प्रवेश किया। 26 वर्षीया अंकिता सत्र के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (666 अंक) से भारतीय महिला तीरंदाजों में सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर रहीं। उनके बाद भजन कौर 659 अंक से 22वें और दीपिका कुमारी 658 अंक से 23वें स्थान पर रहीं।

टीम स्पर्धा में भारत ने 1983 अंक से चौथा स्थान हासिल किया

टीम स्पर्धा में भारत ने 1983 अंक से चौथा स्थान हासिल किया, जिसमें दक्षिण कोरिया 2046 अंक से शीर्ष पर रहा। चीन उप विजेता जबकि मेक्सिको तीसरे स्थान पर रहा। टीम तालिका में शीर्ष चार टीमें सीधे क्वार्टरफाइनल के लिए क्वालीफाई करती हैं जबकि पांचवें से 12वें स्थान पर रहने वाली टीम राउंड 16 मुकाबले खेलेंगी।

फ्रांस बनाम नीदरलैंड्स मुकाबले के विजेता से भारत की होगी टक्कर

भारत का सामना क्वार्टरफाइनल में फ्रांस और नीदरलैंड्स के बीच मुकाबले के विजेता से होगा। यदि भारतीय महिला टीम क्वार्टरफाइनल की बाधा पार कर लेती है तो उसे सेमीफाइनल में मजबूत कोरियाई टीम से भिड़ना पड़ सकता है। कोरियाई टीम ओलम्पिक में अपराजेय रही है और उसने तीन वर्ष पहले टोक्यो 2020 में लगातार नौवां पदक जीता था।

व्यक्तिगत रिकर्व वर्ग में कोरिया की लिम का विश्व रिकॉर्ड

व्यक्तिगत रिकर्व वर्ग में कोरिया की लिम सिहयिओन ने 694 के विश्व रिकॉर्ड स्कोर से तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया जबकि उनकी हमवतन सुहियोन नाम 688 अंक से दूसरे स्थन पर रहीं। चीन की यांग जियाओलेई 673 अंक से तीसरे स्थान पर रहीं।

दीपिका की बात करें तो वह पहली बार मिश्रित टीम स्पर्धा में नहीं खेलेंगी क्योंकि अंकिता भारतीयों में शीर्ष पर रहीं। अंकिता पुरुष क्वालीफिकेशन में शीर्ष पर रहने वाले तीरंदाज के साथ मिश्रित टीम फाइनल्स में जोड़ी बनाएंगी। पुरुष क्वालीफायर आज ही दोपहर के सत्र में शुरू होंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments